थाना समाधान दिवस में डीएम-एसपी ने सुनीं फरियादें


राजस्व-पुलिस के संयुक्त मामलों में मौके पर जांच के निर्देश

फतेहपुर। मलवा थाने में शनिवार को आयोजित थाना समाधान दिवस में जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स और पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि समाधान दिवस में आने वाली शिकायतों को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ लेते हुए प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए। किसी भी फरियादी को अपनी समस्या के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से भटकना न पड़े। उन्होंने राजस्व एवं पुलिस विभाग से जुड़े मामलों में संयुक्त टीम को मौके पर भेजकर जांच कराने और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।डीएम ने कहा कि छोटे-छोटे विवादों का समय रहते समाधान जरूरी है, अन्यथा वे बड़े विवाद का रूप ले सकते हैं। वहीं एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने पुलिस से संबंधित शिकायतों की सुनवाई करते हुए अधिकारियों को निष्पक्ष एवं तथ्यपरक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने पर जोर दिया। इस दौरान थाना प्रभारी समेत राजस्व एवं पुलिस विभाग के संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।