जोधपुर मंडल में विकास परियोजनाओं की तेज होगी रफ्तार, रेल संरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

जोधपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे के प्रधान मुख्य इंजीनियर जे.एस. लाकरा ने शनिवार को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, जोधपुर का दौरा कर मंडल में चल रही विकास एवं आधारभूत संरचना से जुड़ी महत्वपूर्ण परियोजनाओं की समीक्षा की। इस दौरान मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने उनका साफा पहनाकर एवं पौधा भेंट कर स्वागत किया।

प्रधान मुख्य इंजीनियर की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में मंडल के वरिष्ठ अधिकारियों ने विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी दी। बैठक में रेल संरक्षा, आधारभूत संरचना के सुदृढ़ीकरण, यात्री सुविधाओं के विस्तार और रेल संचालन को अधिक सुगम बनाने वाली परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।

रेल संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता

जे.एस. लाकरा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विकास कार्यों में रेल संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने परियोजनाओं को निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप और तय समयसीमा में पूरा करने पर जोर दिया। साथ ही निर्माण एवं विकास कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करने तथा कार्यों की नियमित निगरानी के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि विकास परियोजनाओं का उद्देश्य रेल व्यवस्था को अधिक सुरक्षित, मजबूत और आधुनिक बनाना है। ऐसे में कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाना चाहिए।

यात्री सुविधाओं के विस्तार पर भी जोर

मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने मंडल में रेलवे विकास, आधारभूत ढांचे को मजबूत करने और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने सुरक्षित, संरक्षित, सुचारु और सुविधाजनक रेल संचालन के प्रति मंडल की प्रतिबद्धता दोहराई।

बैठक में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने विकास परियोजनाओं को गुणवत्ता, सुरक्षा और समयबद्धता के साथ पूरा करने के लिए आपसी समन्वय से कार्य करने का भरोसा दिलाया।

प्रधान मुख्य इंजीनियर की समीक्षा से जोधपुर मंडल में चल रही विकास परियोजनाओं को गति मिलने के साथ रेल संरक्षा और यात्री सुविधाओं को और मजबूत करने की दिशा में सकारात्मक कदम माना जा रहा है।