स्वतंत्रता दिवस पर दिल्ली के पांच प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर चार दिन पार्सल बुकिंग रहेगी बंद

जोधपुर। स्वतंत्रता दिवस समारोह के मद्देनजर दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए रेलवे ने बड़ा फैसला लिया है। 12 से 15 अगस्त 2026 तक दिल्ली के पांच प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर पार्सल बुकिंग और पार्सल हैंडलिंग पर पूरी तरह रोक रहेगी। यह निर्णय सुरक्षा व्यवस्था के तहत लिया गया है।

उत्तर रेलवे के निर्देश पर उत्तर पश्चिम रेलवे ने सभी संबंधित मंडलों को आदेशों की प्रभावी पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। जोधपुर मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव के अनुसार प्रतिबंध की अवधि में नई दिल्ली, दिल्ली जंक्शन, हजरत निजामुद्दीन, आनंद विहार टर्मिनल और दिल्ली सराय रोहिल्ला स्टेशनों पर सभी प्रकार के आवक-जावक पार्सल यातायात पर रोक रहेगी।

इस दौरान लीज पर संचालित एसएलआर, वीपी और डिमांड वीपी में होने वाली पार्सल बुकिंग एवं हैंडलिंग भी प्रतिबंधित रहेगी। सुरक्षा के मद्देनजर पार्सल गोदाम और प्लेटफॉर्म को पार्सल पैकेज तथा पैकिंग सामग्री से पूरी तरह मुक्त रखा जाएगा।

यात्रियों के निजी सामान पर नहीं होगा प्रतिबंध

रेलवे ने स्पष्ट किया है कि प्रतिबंध के दौरान यात्रियों को यात्री कोच में अपना निजी सामान ले जाने की अनुमति रहेगी। वहीं पंजीकृत समाचार पत्रों और पत्रिकाओं की बुकिंग निर्धारित वाणिज्यिक औपचारिकताओं तथा सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करने के बाद की जा सकेगी।

यह प्रतिबंध केवल दिल्ली से संचालित होने वाली ट्रेनों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि अन्य रेलवे जोन और मंडलों से आने वाली उन ट्रेनों पर भी लागू होगा, जो इन पांच स्टेशनों पर पार्सल की लोडिंग या अनलोडिंग के लिए रुकती हैं।

रेलवे का यह कदम स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान दिल्ली के प्रमुख स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और किसी भी संभावित जोखिम को रोकने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।