जालंधर सिटी स्टेशन पर नुक्कड़ नाटक से दिया सुरक्षित रेल यात्रा का संदेश

जालंधर,। यात्रियों और आमजन को रेल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से फिरोजपुर मंडल की ओर से जालंधर सिटी रेलवे स्टेशन पर नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी रोहित वर्मा के नेतृत्व में 7 अगस्त को आयोजित कार्यक्रम में स्काउट एवं गाइड टीम ने संरक्षा टीम के सहयोग से प्रभावी प्रस्तुति दी।

प्लेटफॉर्म, मुख्य प्रवेश द्वार और रेलवे फाटक पर प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक के माध्यम से यात्रियों को अनधिकृत रूप से रेलवे ट्रैक पार नहीं करने, प्लेटफॉर्म बदलने के लिए फुट ओवरब्रिज या सब-वे का इस्तेमाल करने, चलती ट्रेन के सामने से ट्रैक पार नहीं करने तथा बंद रेलवे फाटक को पार करने का प्रयास नहीं करने के प्रति जागरूक किया गया।

इसके साथ ही यात्रियों को अपने सामान और कीमती वस्तुओं की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने तथा किसी अनजान व्यक्ति से खाद्य पदार्थ या पेय स्वीकार नहीं करने की सलाह दी गई। यात्रियों से कहा गया कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की जानकारी तत्काल आरपीएफ, जीआरपी, स्टेशन मास्टर या रेलवे कर्मचारियों को दें।

नुक्कड़ नाटक की आकर्षक और संदेशपरक प्रस्तुति ने स्टेशन पर मौजूद यात्रियों और आमजन का ध्यान खींचा। बड़ी संख्या में यात्रियों, आरपीएफ-जीआरपी जवानों, सड़क उपयोगकर्ताओं और रेल कर्मचारियों ने कार्यक्रम देखा और सुरक्षा संदेशों की सराहना की।

फिरोजपुर मंडल ने यात्रियों और आमजन से अपील की कि रेलवे सुरक्षा नियमों का पालन करें और सुरक्षित यात्रा करें। यात्रियों की सुरक्षा रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है।