मुरादाबाद में आटा निर्माण इकाइयों पर खाद्य सुरक्षा विभाग का शिकंजा, कई प्रतिष्ठानों से लिए गए नमूने

मुरादाबाद में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने आटा निर्माण इकाइयों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश के निर्देश पर 4 अगस्त से 7 अगस्त 2026 तक चले अभियान में जिले के विभिन्न आटा निर्माण एवं विक्रय प्रतिष्ठानों से आटे के नमूने एकत्र किए गए।

यह अभियान सहायक आयुक्त (खाद्य)-II राजवंश प्रकाश श्रीवास्तव और इन्द्र बहादुर यादव के नेतृत्व में चलाया गया। अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने बाजार गंज, सराय काजी, पाकबड़ा, सिहोरा बाजे, रसूलपुर चौराहा, अगवानपुर, कटघर और बिलारी क्षेत्र स्थित आटा निर्माण एवं बिक्री प्रतिष्ठानों पर जांच की और विभिन्न ब्रांडों के आटे के नमूने लिए।

संग्रहित सभी नमूनों को जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला भेजा गया है। विभाग ने बताया कि जांच रिपोर्ट आने के बाद यदि किसी नमूने में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों का उल्लंघन पाया जाता है, तो संबंधित कारोबारियों के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि जनपदवासियों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ऐसे विशेष अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेंगे।