मुरादाबाद के सागर सराय अग्निकांड स्थल पर फिर उठा धुआं, अग्निशमन विभाग की तत्परता से टला बड़ा हादसा

मुरादाबाद के कोतवाली क्षेत्र स्थित सागर सराय में हाल ही में भीषण आग की चपेट में आए कैडिल शोरूम के बेसमेंट से गुरुवार को एक बार फिर धुआं उठने लगा। धुआं निकलता देख स्थानीय लोगों ने तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचना दी।

डीआईजी मुनिराज जी तथा एसएसपी सतपाल अंतिल के निर्देश पर मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय के निर्देशन में अग्निशमन अधिकारी ज्ञान प्रकाश शर्मा के नेतृत्व में दमकल की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। बेसमेंट में लोहे की जाली बाधा बनने पर टीम ने इलेक्ट्रिक हाइड्रोलिक कटर की सहायता से जाली को काटकर अंदर पहुंचने का रास्ता बनाया और धुएं तथा आग की चिंगारियों पर पूरी तरह काबू पा लिया। समय रहते की गई कार्रवाई से एक बार फिर बड़ा हादसा टल गया।

उल्लेखनीय है कि 1 अगस्त 2026 को इसी कैडिल शोरूम में भीषण आग लगी थी। उस समय मुरादाबाद के अलावा संभल, रामपुर, अमरोहा और बिजनौर से कुल 15 फायर टेंडर मौके पर पहुंचे थे। करीब आठ घंटे तक चले राहत एवं अग्निशमन अभियान के बाद अग्निशमन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने आग पर काबू पाया था और उसे आसपास के मकानों तक फैलने से रोक दिया था।

अग्निशमन विभाग के अनुसार फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। एहतियात के तौर पर प्रभावित भवन की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि दोबारा धुआं या आग की कोई स्थिति बनने पर तत्काल प्रभाव से कार्रवाई की जा सके।