नाबालिग को शादी का झांसा देकर सात साल तक शोषण का आरोप, आरक्षी पर एफआईआर की मांग, हरदोई पुलिस ने दिए जांच के निर्देश

हरदोई। शाहाबाद नगर निवासी 23 वर्षीय युवती ने बहराइच पुलिस लाइन में तैनात एक आरक्षी पर शादी का झूठा झांसा देकर सात वर्षों तक शारीरिक, मानसिक और आर्थिक शोषण करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक हरदोई को प्रार्थना-पत्र देकर आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार वर्ष 2019 में, जब वह नाबालिग थी, तब फेसबुक के माध्यम से आरोपी आरक्षी सत्यम गुप्ता से संपर्क हुआ। आरोप है कि उसने विवाह का वादा कर विभिन्न स्थानों पर किराये के कमरों में पत्नी की तरह साथ रखा, लेकिन कभी वैधानिक विवाह नहीं किया। युवती का कहना है कि गर्भवती होने पर आरोपी ने कई बार दबाव बनाकर गर्भपात कराया। उसने मारपीट, सिगरेट से जलाने, गला दबाकर जान से मारने की कोशिश और अप्राकृतिक कृत्य के लिए मजबूर करने जैसे गंभीर आरोप भी लगाए हैं।
प्रार्थना-पत्र में उल्लेख है कि वर्ष 2023 में मारपीट की शिकायत पर आरोपी निलंबित हुआ था। बाद में उसने बहन की शादी के बाद विवाह करने का आश्वासन दिया और एक नोटरी सत्यापित "मैरिज एग्रीमेंट" को कोर्ट मैरिज बताकर भ्रमित करता रहा। युवती का आरोप है कि फरवरी 2026 में आरोपी ने दूध में दवा मिलाकर पिला दी, जिससे गर्भपात हो गया। जुलाई 2026 में मारपीट के बाद उसे घर से निकाल दिया गया, जिसके बाद उसने डायल-112 और वन स्टॉप सेंटर से सहायता ली।
पीड़िता का यह भी आरोप है कि बहराइच में शिकायत लंबित रहने के दौरान आरोपी ने विभागीय कार्रवाई से बचने के लिए हरदोई के कुटुंब न्यायालय में तलाक का वाद दायर कर दिया, जबकि दोनों के बीच कभी वैधानिक विवाह हुआ ही नहीं।
इस संबंध में हरदोई पुलिस ने बताया कि प्रकरण में प्रभारी निरीक्षक शाहाबाद को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार राय ने कहा कि शिकायत की निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।