झांसी वर्कशॉप की बड़ी पहल: ट्रेन मैनेजरों के लिए तैयार हुई आधुनिक ब्रेक वैन, रेलवे बोर्ड ने देशभर में लागू करने के दिए निर्देश

झांसी। उत्तर मध्य रेलवे के झांसी वैगन मरम्मत कारखाने ने मालगाड़ी के ट्रेन मैनेजरों (गार्ड) की कार्य परिस्थितियों को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। कारखाने ने संशोधित ब्रेक वैन (BVZI एवं BVCM) का पहला सफल प्रोटोटाइप तैयार किया है, जिसे ट्रेन मैनेजरों ने काफी सराहा है। इस अभिनव पहल को देखते हुए रेलवे बोर्ड ने सभी जोनल रेलवे को आरएसपी के तहत इन ब्रेक वैनों के राष्ट्रव्यापी अपग्रेडेशन (POH/ROH) के निर्देश जारी कर दिए हैं।

नई ब्रेक वैन को ट्रेन मैनेजरों की सुविधा, सुरक्षा और कार्यकुशलता को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इसमें 360 डिग्री घूमने वाली आरामदायक सीट और विशेष फुट रेस्ट लगाया गया है, जिससे लंबे समय तक ड्यूटी के दौरान बेहतर सुविधा मिलेगी। इसके अलावा सोलर पैनल, लिथियम फेरो फॉस्फेट बैटरी, पंखे और एलईडी लाइट जैसी आधुनिक विद्युत सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।

केबिन के अंदरूनी हिस्से को भी पूरी तरह आधुनिक बनाया गया है। इसमें बेहतर गुणवत्ता की फ्लोरिंग, आकर्षक इंटीरियर, उन्नत कमोड, वॉकी-टॉकी स्टैंड, बोतल होल्डर, कोट हुक, ग्रैब हैंडल तथा यूनिवर्सल की वाला डोर लॉक जैसी सुविधाएं जोड़ी गई हैं, जिससे ट्रेन मैनेजरों को अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक कार्य वातावरण मिलेगा।

उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने इस परियोजना की व्यक्तिगत रूप से निगरानी की और झांसी वर्कशॉप की टीम की सराहना की। उन्होंने कहा कि ट्रेन मैनेजर रेलवे संरक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और नई ब्रेक वैन उनके कार्यस्थल को अधिक सुरक्षित, आरामदायक और आधुनिक बनाएगी।

रेलवे अधिकारियों का मानना है कि झांसी वर्कशॉप की यह पहल ट्रेन मैनेजरों की वर्षों पुरानी मांग को पूरा करने की दिशा में बड़ा कदम है। रेलवे बोर्ड के निर्देशों के बाद अब इस आधुनिक ब्रेक वैन का लाभ देशभर के ट्रेन मैनेजरों को मिलने का रास्ता साफ हो गया है।