यात्रियों के लिए बड़ी राहत: रेलवे चलाएगा चार वन-वे स्पेशल ट्रेनें, बिहार जाने वाले यात्रियों को मिलेगा लाभ

यात्रियों की बढ़ती भीड़ और यात्रा सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेल प्रशासन ने विभिन्न मार्गों पर चार वन-वे स्पेशल ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है। इन विशेष ट्रेनों से खासकर बिहार जाने वाले यात्रियों को काफी राहत मिलेगी।

रेलवे के अनुसार नागपुर, मुंबई (छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस), मिरज और भुसावल से दानापुर एवं समस्तीपुर के लिए वन-वे स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। ये ट्रेनें अगस्त के पहले सप्ताह में निर्धारित तिथियों पर चलाई जाएंगी।

संचालित होने वाली विशेष ट्रेनों में गाड़ी संख्या 01081 छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस?दानापुर (5 अगस्त), 01481 मिरज?समस्तीपुर (4 अगस्त), 01281 नागपुर?दानापुर (3 अगस्त) तथा 01183 भुसावल?समस्तीपुर (5 अगस्त) शामिल हैं।

इन सभी स्पेशल ट्रेनों में यात्रियों की सुविधा के लिए 20 कोच लगाए गए हैं। अधिकांश ट्रेनों में 12 स्लीपर, 6 सामान्य (जनरल) और 2 एसएलआरडी कोच होंगे, जबकि मिरज?समस्तीपुर स्पेशल में 8 स्लीपर, 10 सामान्य और 2 एसएलआरडी कोच लगाए जाएंगे, जिससे अधिक संख्या में सामान्य श्रेणी के यात्रियों को यात्रा का लाभ मिल सके।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेन के समय, ठहराव और अन्य जानकारी रेलवे के अधिकृत माध्यमों से अवश्य प्राप्त कर लें। रेलवे का उद्देश्य यात्रियों को भीड़भाड़ के दौरान सुरक्षित, सुविधाजनक और सुगम यात्रा उपलब्ध कराना है।