आगरा चैम्बर का 78वां स्थापना दिवस समारोह सम्पन्न, मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार रहे मुख्य अतिथि

आगरा। वाटर वर्क्स स्थित अग्रवन में आगरा चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री का 78वां स्थापना दिवस समारोह भव्य रूप से आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता चैम्बर अध्यक्ष मनोज कुमार बंसल ने की, जबकि भारत निर्वाचन आयोग के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

समारोह में स्थापना दिवस समिति के चेयरमैन एवं पूर्व अध्यक्ष अनिल वर्मा ने चैम्बर का इतिहास प्रस्तुत किया। संचालन पूर्व अध्यक्ष मनीष अग्रवाल एवं सह-समन्वयक केशव दत्त गुप्ता ने किया।

अपने संबोधन में अध्यक्ष मनोज कुमार बंसल ने बताया कि वर्ष 1949 में मात्र सात सदस्यों से शुरू हुई चैम्बर आज उद्योग एवं व्यापार जगत की सशक्त संस्था बन चुकी है और देश की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है।

इस अवसर पर वर्ष 2015-16 के चैम्बर अध्यक्ष रहे भुवेश कुमार अग्रवाल को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया। वहीं मैसर्स बीपी ऑयल मिल्स के अधिकृत प्रतिनिधि भारत भगत को चैम्बर के संस्थापक सदस्य के रूप में सम्मानित किया गया।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा कि 78 वर्षों की यात्रा किसी भी संस्था के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि मजबूत संस्थाएं ही देश की आर्थिक प्रगति का आधार होती हैं। उन्होंने आगरा को इकोनॉमिक हब के रूप में विकसित करने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि स्थानीय उद्योगों को प्रशासन का सहयोग मिल रहा है, जिससे औद्योगिक विकास को गति मिलेगी।

उन्होंने अपने चुनावी अनुभव साझा करते हुए कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है, जहां विश्व में सर्वाधिक मतदान निष्पक्ष एवं पारदर्शी व्यवस्था के तहत संपन्न कराया जाता है।

कार्यक्रम में चैम्बर की गृह पत्रिका 'नाचिक' का विमोचन भी किया गया। अंत में पूर्व अध्यक्ष सीताराम अग्रवाल ने सभी अतिथियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त किया।

समारोह में चैम्बर के पदाधिकारी, पूर्व अध्यक्ष, सदस्य एवं बड़ी संख्या में उद्योगपति एवं व्यापारी उपस्थित रहे।