IMA–ISCCM आगरा ने शुरू किया अंगदान जागरूकता अभियान, 13 अगस्त तक चलेंगे जनजागरूकता कार्यक्रम

पत्रकार सुमित गर्ग,

आगरा। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) आगरा एवं इंडियन सोसाइटी ऑफ क्रिटिकल केयर मेडिसिन (ISCCM) आगरा शाखा के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार से अंगदान जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया गया। यह अभियान 3 से 13 अगस्त तक शहर के विभिन्न स्थानों पर आयोजित होगा। इसका उद्देश्य समाज में अंगदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा अधिक से अधिक लोगों को अंगदान का संकल्प लेने के लिए प्रेरित करना है।

IMA आगरा के अध्यक्ष डॉ. पंकज नागाइच ने कहा कि अंगदान मानवता की सर्वोच्च सेवा है और एक व्यक्ति का निर्णय कई लोगों को नया जीवन दे सकता है। वहीं ISCCM के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. रणवीर त्यागी ने कहा कि ब्रेन डेथ के बाद अंगदान गंभीर मरीजों के लिए नई उम्मीद बनता है तथा इससे जुड़ी भ्रांतियों को दूर करना आवश्यक है।

IMA आगरा के मानद सचिव डॉ. रजनीश कुमार मिश्रा ने बताया कि अभियान के दौरान लोगों को अंगदान की प्रक्रिया, उसके महत्व और कानूनी पहलुओं की भी जानकारी दी जाएगी। कोषाध्यक्ष डॉ. मुकेश भारद्वाज ने कहा कि यदि समाज सकारात्मक सोच अपनाए तो हजारों लोगों को नया जीवन मिल सकता है।

इस अवसर पर डॉ. प्रशांत लवानिया, डॉ. दीप्तिमाला अग्रवाल, डॉ. सीमा सिंह, डॉ. शैफाली मजूमदार, डॉ. करण रावत, डॉ. अनुप दीक्षित एवं डॉ. अरविंद यादव ने भी अंगदान के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए। सभी वक्ताओं ने युवाओं, महिलाओं और आमजन की सक्रिय भागीदारी पर जोर देते हुए कहा कि जनसहभागिता से ही अंगदान आंदोलन सफल हो सकता है।

कार्यक्रम के अंत में सभी चिकित्सकों ने लोगों से अंगदान के प्रति जागरूक होने और इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। अभियान का संदेश है? "अंगदान करें ? जीवनदान दें।"