स्कूलों के आसपास तंबाकू बिक्री पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 40 दुकानदारों पर जुर्माना

मुरादाबाद। बच्चों को नशे की लत से बचाने और स्कूलों के आसपास तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर रोक लगाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने बुधवार को विशेष अभियान चलाया। अपर जिलाधिकारी (नगर) अंकुर श्रीवास्तव के नेतृत्व में पीली कोठी क्षेत्र स्थित कई स्कूलों के आसपास दुकानों का निरीक्षण किया गया।

जांच के दौरान कई दुकानों पर गुटखा, पान मसाला, बीड़ी, सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पादों की बिक्री होती पाई गई। नियमों का उल्लंघन करने पर करीब 40 दुकानदारों पर जुर्माना लगाया गया। साथ ही सभी दुकानदारों को तत्काल तंबाकू उत्पाद हटाने और भविष्य में स्कूलों के आसपास ऐसी सामग्री की बिक्री न करने की सख्त चेतावनी दी गई।

प्रशासन ने सभी स्कूल प्रबंधन से भी अपील की है कि वे अपने विद्यालय के 500 मीटर के दायरे में नजर रखें। यदि कहीं तंबाकू या अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री होती दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस और संबंधित अधिकारियों को दें।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि बच्चों के स्वास्थ्य और भविष्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान चलाया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।