मुरादाबाद में छात्रवृत्ति योजनाओं में तेजी लाने के निर्देश, पात्र छात्रों तक समय पर पहुंचेगा लाभ

मुरादाबाद। मुरादाबाद में पूर्वदशम एवं दशमोत्तर छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र विद्यार्थियों तक समय पर पहुंचाने के उद्देश्य से मंगलवार को मुख्य विकास अधिकारी मृणाली अविनाश जोशी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी, क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी तथा गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय के उप कुलसचिव सहित संबंधित अधिकारियों ने भाग लिया।

मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि पूर्वदशम (कक्षा 9-10 एवं 11-12) के सभी विद्यालय निर्धारित समय सीमा के भीतर अपनी प्रोफाइल लॉक करना सुनिश्चित करें। जिन विद्यालयों में तकनीकी समस्या है, वहां समाज कल्याण विभाग और शिक्षा विभाग आपसी समन्वय से तत्काल समाधान कर कार्य पूरा कराएं।

दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजना की समीक्षा के दौरान उच्च शिक्षण संस्थानों द्वारा मास्टर डेटा लॉक करने की प्रगति अपेक्षा से कम पाए जाने पर मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिक्षण संस्थानों से समयबद्ध तरीके से मास्टर डेटा लॉक कराया जाए, ताकि विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति प्रक्रिया में किसी प्रकार की देरी न हो।

बैठक में जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी और जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी को शासन की निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार छात्र आवेदन, मास्टर डेटा एवं अन्य सभी प्रक्रियाएं तय समय पर पूरी कराने के निर्देश दिए गए।

मुख्य विकास अधिकारी मृणाली अविनाश जोशी ने कहा कि छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना मुख्यमंत्री की प्राथमिकता वाली योजनाओं में शामिल है। इसका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर एवं पात्र विद्यार्थियों को बिना किसी बाधा के शिक्षा जारी रखने में सहयोग देना है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि जिले का कोई भी पात्र छात्र छात्रवृत्ति के लाभ से वंचित न रहे।