मुरादाबाद रोडवेज ने शिवभक्त कांवड़ियों की सेवा में पेश की मिसाल, जलपान से लेकर स्वच्छता तक बेहतर इंतजाम

मुरादाबाद। सावन माह में हरिद्वार और ब्रजघाट से गंगाजल लेकर लौट रहे शिवभक्त कांवड़ियों की सुविधा के लिए मुरादाबाद परिवहन विभाग ने सराहनीय व्यवस्थाएं की हैं। क्षेत्रीय प्रबंधक अम्बरीन अख्तर और सेवा प्रबंधक अनुराग यादव के निर्देशन में रोडवेज बस स्टैंड पर कांवड़ियों के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।

बस अड्डे पर शिवभक्तों के लिए जलपान की व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, साफ-सफाई और विश्राम की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। लंबी यात्रा के बाद बड़ी संख्या में कांवड़िये बस स्टैंड पर आराम करते नजर आए, जहां उन्हें स्वच्छ और व्यवस्थित वातावरण मिला।

परिवहन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने यह सुनिश्चित किया कि शिवभक्तों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के साथ यात्रियों की सुविधा के लिए लगातार निगरानी भी की जा रही है।

श्रावण मास में श्रद्धालुओं की सेवा के लिए मुरादाबाद रोडवेज की यह पहल लोगों के बीच प्रशंसा का विषय बनी हुई है। विभाग की यह संवेदनशील और सेवा भाव से प्रेरित व्यवस्था शिवभक्तों की आस्था के प्रति सम्मान का सुंदर उदाहरण है।