आईआरसीटीसी की ‘दक्षिण भारत यात्रा’ 13 नवंबर से, एक ही सफर में होंगे प्रमुख तीर्थ स्थलों के दर्शन

आईआरसीटीसी की दक्षिण भारत यात्रा 13 नवंबर से, एक ही सफर में होंगे प्रमुख तीर्थ स्थलों के दर्शन

भारत गौरव पर्यटक ट्रेन से 13 दिवसीय यात्रा का आयोजन, श्रद्धालुओं को मिलेगा आरामदायक एवं सुव्यवस्थित सफर

दिल्ली। भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) श्रद्धालुओं के लिए 13 नवंबर 2026 से दक्षिण भारत यात्रा का विशेष आयोजन करने जा रहा है। यह यात्रा भारत गौरव पर्यटक ट्रेन के माध्यम से संचालित होगी, जिसमें यात्री दक्षिण भारत के प्रमुख धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों के दर्शन कर सकेंगे।

13 दिनों की इस विशेष यात्रा में श्रद्धालुओं को रामेश्वरम स्थित श्री रामनाथस्वामी मंदिर, मदुरै का मीनाक्षी मंदिर, कन्याकुमारी स्थित भगवती अम्मन मंदिर, तिरुपति का भगवान वेंकटेश्वर मंदिर तथा नागरकोइल का सुचीन्द्रम थानुमलयन मंदिर सहित कई प्रमुख तीर्थ स्थलों के दर्शन का अवसर मिलेगा।

यात्रा के दौरान ट्रेन विभिन्न स्टेशनों से यात्रियों को साथ लेकर चलेगी। इनमें दिल्ली सफदरजंग, गाजियाबाद, अलीगढ़, टुंडला, आगरा कैंट, मथुरा जंक्शन, कोटा, सवाई माधोपुर, जयपुर, रेवाड़ी, गुरुग्राम, दिल्ली कैंट, दिल्ली सराय रोहिल्ला तथा हिसार प्रमुख बोर्डिंग स्टेशन शामिल हैं।

आईआरसीटीसी के अनुसार यात्रा का शुभारंभ 13 नवंबर 2026 को होगा तथा वापसी 25 नवंबर 2026 को निर्धारित है। यात्रियों के लिए स्लीपर (एसएल), थर्ड एसी (3एसी) और सेकेंड एसी (2एसी) श्रेणियों में पैकेज उपलब्ध हैं। स्लीपर श्रेणी का प्रारंभिक किराया 26,895 रुपये (जीएसटी सहित) रखा गया है।

पैकेज में ट्रेन यात्रा, होटल में ठहरने की व्यवस्था, शाकाहारी भोजन, स्थानीय परिवहन, दर्शनीय स्थलों का भ्रमण, यात्रा बीमा, सुरक्षा व्यवस्था तथा आईआरसीटीसी टूर एस्कॉर्ट की सेवाएं शामिल रहेंगी, जिससे यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और आध्यात्मिक अनुभव प्राप्त होगा।

आईआरसीटीसी ने श्रद्धालुओं से समय रहते बुकिंग कराने की अपील की है। यात्रा से संबंधित विस्तृत जानकारी एवं बुकिंग आईआरसीटीसी पर्यटन कार्यालयों, अधिकृत एजेंटों तथा आईआरसीटीसी की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।