प्रयागराज मंडल में रेल हिंदी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित, कर्मचारियों ने दिखाया ज्ञान और उत्साह

प्रयागराज। राजभाषा हिंदी के प्रयोग और प्रसार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल में अखिल रेल हिंदी प्रश्नोत्तरी (क्विज़) प्रतियोगिता के प्रथम चरण का सफल आयोजन किया गया। रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार आयोजित इस प्रतियोगिता में अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

प्रयागराज मंडल के विभिन्न स्टेशनों और कार्यालयों से 21 कर्मचारियों ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। पूरी प्रतियोगिता हिंदी माध्यम में आयोजित की गई, जिसमें रेलवे से जुड़े विषयों, हिंदी भाषा एवं साहित्य, राजभाषा नीति तथा सामान्य ज्ञान से संबंधित प्रश्न पूछे गए। प्रतिभागियों ने अपने ज्ञान, त्वरित निर्णय क्षमता और टीम भावना का शानदार प्रदर्शन किया।

रेलवे प्रशासन के अनुसार इस प्रतियोगिता का उद्देश्य कर्मचारियों में हिंदी के प्रभावी प्रयोग को प्रोत्साहित करना, राजभाषा नीति के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा रेलवे संबंधी ज्ञान का विस्तार करना है। प्रतियोगिता में चयनित टीम अब आगामी क्षेत्रीय स्तर की प्रतियोगिता में प्रयागराज मंडल का प्रतिनिधित्व करेगी।

राजभाषा विभाग द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता का सफल संचालन किया गया। पूरे कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों में सकारात्मक प्रतिस्पर्धा और उत्साह का माहौल देखने को मिला।

प्रतियोगिता के विजेता कर्मचारियों को मंडल रेल प्रबंधक द्वारा आयोजित होने वाले सम्मान समारोह में पुरस्कृत किया जाएगा। प्रयागराज मंडल प्रशासन ने सभी प्रतिभागियों की उत्कृष्ट सहभागिता, अनुशासन और उत्साह की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।