फिरोजपुर मंडल ने रचा नया कीर्तिमान, जुलाई में माल ढुलाई से ₹107.5 करोड़ की रिकॉर्ड कमाई

फिरोजपुर। उत्तर रेलवे के फिरोजपुर मंडल ने माल परिवहन के क्षेत्र में शानदार प्रदर्शन करते हुए जुलाई 2026 में नई उपलब्धियां हासिल की हैं। मंडल रेल प्रबंधक श्री संजीव कुमार के कुशल मार्गदर्शन में मंडल ने 0.661 मिलियन टन माल लोडिंग कर ₹107.5 करोड़ का प्रभावशाली राजस्व अर्जित किया। यह उपलब्धि रेलवे की मजबूत कार्यप्रणाली, ग्राहक-केंद्रित सोच और तेज माल परिवहन व्यवस्था का प्रमाण है।

सबसे अधिक योगदान खाद्यान्न परिवहन का रहा, जिससे ₹92.16 करोड़ की आय हुई। इसके अलावा कंटेनर लोडिंग से ₹8.78 करोड़ और अन्य बल्क लोडिंग से ₹6.51 करोड़ का राजस्व प्राप्त हुआ। मंडल ने बासमती चावल के निर्यात को भी नई गति देते हुए दो कंटेनर रेकों के माध्यम से 62 टीईयू कंटेनर हैदराबाद और चेन्नई भेजे।

जुलाई माह फिरोजपुर मंडल के लिए कई ऐतिहासिक उपलब्धियां लेकर आया। अमृतसर से पहली बार सेब, लुधियाना से पहली बार आम, जगराओं गुड्स शेड से पहली बार मक्का तथा फाजिल्का से नए गुड्स शेड पंपोर तक हस्क की लोडिंग सफलतापूर्वक की गई। वहीं सुरानस्सी रेलवे स्टेशन पर पहली बार उर्वरक (फर्टिलाइज़र) का इनवर्ड रेक पहुंचा, जिससे किसानों और कृषि क्षेत्र को बड़ी सुविधा मिलेगी।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (फ्रेट) परमदीप सिंह सैनी ने बताया कि मंडल लगातार नए ग्राहकों को जोड़ने, नए माल की पहचान करने और बिजनेस डेवलपमेंट यूनिट के माध्यम से व्यापारियों से सीधा संवाद स्थापित करने पर विशेष ध्यान दे रहा है। आधुनिक, तेज, सुरक्षित और पर्यावरण-अनुकूल माल परिवहन सेवाओं के कारण रेलवे व्यापार जगत की पहली पसंद बनती जा रही है।

व्यापारियों के लिए एक और बड़ी राहत देते हुए रेलवे बोर्ड ने कंटेनर लोडिंग के नियमों में महत्वपूर्ण बदलाव किया है। 1 अगस्त 2026 से 31 जुलाई 2027 तक अब 50 कंटेनरों के स्थान पर केवल 25 कंटेनरों (मिनी रेक) से भी कंटेनर लोडिंग की सुविधा उपलब्ध होगी। इस निर्णय से छोटे और मध्यम व्यापारी बिना फुल रेक का इंतजार किए अपना माल तेजी से देशभर के बाजारों तक भेज सकेंगे। इससे समय, लागत और संसाधनों की बचत होगी तथा व्यापार को नई रफ्तार मिलेगी।

फिरोजपुर मंडल की यह शानदार उपलब्धि भारतीय रेलवे की बढ़ती दक्षता, ग्राहक हितैषी नीतियों और देश की आर्थिक प्रगति में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका को और अधिक मजबूत करती है।