38 वर्षों की गौरवपूर्ण रेल सेवा के बाद निजी सचिव रमेश कुमार सेवानिवृत्त, भावभीनी विदाई

फिरोजपुर। मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, फिरोजपुर में शुक्रवार को निजी सचिव श्री रमेश कुमार के 38 वर्षों की उत्कृष्ट एवं समर्पित रेल सेवा पूर्ण होने पर सम्मानपूर्वक विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनके लंबे, अनुकरणीय और निष्कलंक सेवाकाल की सराहना करते हुए भावभीनी विदाई दी।

रमेश कुमार ने वर्ष 1989 में भारतीय रेल में अपनी सेवाएं प्रारंभ की थीं। अपने रेल सेवा काल में उन्होंने दिल्ली स्थित निर्माण संगठन में लगभग 23 वर्षों तक विभिन्न महत्वपूर्ण दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया। वर्ष 2011 से वह मंडल रेल प्रबंधक, फिरोजपुर के निजी सचिव के रूप में कार्यरत रहे। इस दौरान उन्होंने आठ मंडल रेल प्रबंधकों के साथ कार्य करते हुए अपने अनुभव, कार्यकुशलता और समर्पण से कार्यालयीन व्यवस्था को मजबूती प्रदान की।

विदाई समारोह में मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार ने श्री रमेश कुमार को स्मृति-चिह्न भेंट कर उनकी उल्लेखनीय सेवाओं के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि रमेश कुमार ने अपने पूरे सेवाकाल में ईमानदारी, निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य किया तथा उनका कार्य व्यवहार सभी रेल कर्मचारियों के लिए प्रेरणादायक रहेगा। उन्होंने उनके स्वस्थ, सुखमय और उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की।

इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक नितिन गर्ग सहित मंडल कार्यालय के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने रमेश कुमार को उनके सेवानिवृत्ति जीवन के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके बेहतर स्वास्थ्य, सुख और समृद्धि की कामना की।