रेलवे कर्मचारी की ईमानदारी बनी मिसाल, महिला यात्री का आईफोन सुरक्षित लौटाकर जीता भरोसा

जालंधर। उत्तर रेलवे के फिरोजपुर मंडल में रेलवे कर्मचारियों की ईमानदारी और तत्परता का एक और प्रेरणादायक उदाहरण सामने आया है। जालंधर सिटी रेलवे स्टेशन पर बुकिंग कार्यालय में छूटा एक महिला यात्री का आईफोन 14 प्रो मैक्स रेलवे कर्मचारियों के प्रयासों से सुरक्षित उसके परिजनों को लौटा दिया गया।

जानकारी के अनुसार, महिला यात्री ट्रेन संख्या 19224 से जालंधर सिटी से बीकानेर की यात्रा के लिए टिकट बनवाने के दौरान अपना आईफोन बुकिंग कार्यालय में ही भूल गई थीं। ड्यूटी पर तैनात सीसीटीसी अंकित कुमार की नजर जैसे ही मोबाइल पर पड़ी, उन्होंने तुरंत जिम्मेदारी निभाते हुए वाणिज्य निरीक्षक श्री नीतेश को इसकी सूचना दी और मोबाइल को उसके वास्तविक मालिक तक पहुंचाने की प्रक्रिया शुरू कर दी।

रेलवे कर्मचारियों ने लगातार प्रयास करते हुए यात्री के परिजनों से संपर्क स्थापित किया। आवश्यक पहचान और सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद आईफोन सुरक्षित रूप से उसके परिजनों को सौंप दिया गया। अपना कीमती मोबाइल वापस मिलने पर यात्री के परिजनों ने रेलवे कर्मचारियों की ईमानदारी और त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए उनका धन्यवाद व्यक्त किया।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक बसंत कुमार ने श्री अंकित कुमार के इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह घटना रेलवे कर्मचारियों की ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और यात्रियों के प्रति समर्पित सेवा भावना का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने कहा कि उत्तर रेलवे यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और विश्वास को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है।

यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि भारतीय रेलवे के कर्मचारी न केवल यात्रियों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करते हैं, बल्कि उनकी अमूल्य वस्तुओं की सुरक्षा और उन्हें सही मालिक तक पहुंचाने के लिए भी पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हैं।