रेलवे की बड़ी पहल से व्यापारियों को मिली नई उड़ान: अमृतसर से बांद्रा पहुंचा 3.9 टन आलूबुखारा, किसानों और छोटे कारोबारियों को मिला देशव्यापी बाजार

फिरोजपुर। उत्तर रेलवे के फिरोजपुर मंडल ने पेरिशेबल फलों के रेल परिवहन में एक और उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। मंडल रेल प्रबंधक श्री संजीव कुमार के मार्गदर्शन में 29 जुलाई 2026 को ट्रेन संख्या 12904 गोल्डन टेम्पल मेल के माध्यम से अमृतसर से बांद्रा टर्मिनस तक 349 बॉक्स (करीब 3.9 टन) आलूबुखारा सफलतापूर्वक भेजा गया। इस उपलब्धि ने व्यापारियों, किसानों और छोटे कारोबारियों के लिए देश के बड़े बाजारों तक पहुंच का नया रास्ता खोल दिया है।

विशेष बात यह रही कि यह आलूबुखारा जम्मू से लाकर अमृतसर में रेल मार्ग से लोड किया गया। इस एक खेप से फिरोजपुर मंडल को करीब 29 हजार रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ, वहीं व्यापारियों को तेज, सुरक्षित और किफायती परिवहन सुविधा का लाभ मिला।

रेलवे के माध्यम से पेरिशेबल फलों की समयबद्ध ढुलाई होने से उनकी ताजगी और गुणवत्ता बरकरार रहती है, जिससे बाजार में बेहतर कीमत मिलती है। यही कारण है कि अब छोटे व्यापारी भी बड़े कारोबारियों के साथ मिलकर अपने फलों की खेप रेल के जरिए देश के विभिन्न महानगरों तक भेज रहे हैं। इससे उनकी परिवहन लागत कम हो रही है और नए बाजारों तक उनकी पहुंच लगातार बढ़ रही है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (फ्रेट)परमदीप सिंह सैनी ने बताया कि फिरोजपुर मंडल ग्राहकों को विश्वसनीय, सुरक्षित और समयबद्ध माल परिवहन सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। बिजनेस डेवलपमेंट यूनिट के सतत प्रयासों और व्यापारियों के साथ बेहतर समन्वय के कारण मंडल में माल परिवहन का दायरा लगातार बढ़ रहा है।

रेलवे की यह पहल न केवल किसानों और व्यापारियों की आय बढ़ाने में सहायक बन रही है, बल्कि देशभर में कृषि उत्पादों की तेज, सुरक्षित और पर्यावरण-अनुकूल आपूर्ति को भी नई गति दे रही है।