बिजली दरों में बढ़ोतरी और स्मार्ट मीटर के विरोध में कांग्रेस का आंदोलन समाधान नहीं होने पर विद्युत विभागों का घेराव उग्र प्रदर्शन की दी चेतावनी।

बैकुंठपुर। राजीव भवन, कांग्रेस कार्यालय, बैकुंठपुर में जिला स्तरीय पत्रकारवार्ता आयोजित कर प्रदेश की भाजपा सरकार द्वारा बढ़ाए गए बिजली दरों, बढ़े हुए बिजली बिलों एवं स्मार्ट मीटर के खिलाफ प्रदेशव्यापी आंदोलन की घोषणा की गई।जिला अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता ने कहा कि भाजपा सरकार ने जनता को राहत देने के बजाय लगातार पांचवीं बार बिजली दरों में वृद्धि कर आम उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाला है। 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना बंद होने, बिजली दरों में लगातार वृद्धि तथा स्मार्ट मीटर लगाए जाने के कारण उपभोक्ताओं के बिजली बिल कई गुना बढ़ गए हैं। भाजपा सरकार स्मार्ट मीटर के माध्यम से मनमानी रीडिंग, अनुबंध भार में बिना सहमति वृद्धि एवं उपभोक्ताओं का आर्थिक शोषण किया जा रहा है। 2 अगस्त से कार्यकर्ता घर-घर जाकर स्मार्ट मीटर हटाने एवं बिजली दरों में बढ़ोतरी वापस लेने के समर्थन में आवेदन और विरोध पत्र भरवाएंगे। दो माह तक यह अभियान चलाने के बाद जिला मुख्यालयों में बिजली कार्यालयों का घेराव कर एकत्रित आवेदन सौंपे जाएंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री निवास का घेराव कर जनआंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।कांग्रेस पार्टी राज्य सरकार से तत्काल बिजली दरों में की गई वृद्धि वापस लेने, 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना पुनः लागू करने तथा स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया पर रोक लगाकर पहले से लगाए गए स्मार्ट मीटर हटाने की मांग की।इस अवसर पर जिला अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता, पीसीसी सदस्य योगेश शुक्ला, कोषाध्यक्ष अशोक जायसवाल वरिष्ठ मुख्तार अहमद महामंत्री बृजवासी तिवारी ब्लॉक अध्यक्ष बिहारी लाल राजवाड़े आशीष यादव लल्ला, शैलेन्द्र सिंह अजय सिंह गणेश राजवाड़े, विकाश श्रीवास्तव, चंद्र प्रकाश राजवाड़े, कृष कुमार राजवाड़े, स्वतंत्रता महोबिया, दीपक गुप्ता, सौरभ गुप्ता, राजीव गुप्ता, अविनाश पाठक, राजेश कुर्रे, एवं अनेकों कांग्रेसजन उपस्थित रहे।