बलवाड़ा रेलवे फाटक 24 घंटे के लिए रहेगा बंद, यातायात के लिए वैकल्पिक मार्ग तय

संवाददाता - संतोष व्यास

डूंगरपुर। उदयपुरसिटी?हिम्मतनगर रेल खंड के तहत डूंगरपुर-बिछीवाड़ा के मध्य स्थित बलवाड़ा रेलवे फाटक पर आज से अनुरक्षण कार्य किया जाएगा। इसके चलते 1 अगस्त सुबह 7:00 बजे से 2 अगस्त सुबह 7:00 बजे तक फाटक पर आवागमन पूर्णतया बंद रहेगा। रेलवे प्रशासन ने रेल संचालन को सुचारू बनाए रखने के लिए इस कार्य को अत्यंत आवश्यक बताया है।

सहायक मंडल इंजीनियर, उत्तर पश्चिम रेलवे, डूंगरपुर द्वारा जारी सूचना के अनुसार यातायात को सुचारू रखने के लिए वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था की गई है जिसके तहत छोटे व दुपहिया वाहन बलवाड़ा फाटक से 300 मीटर दूर मुस्कान वात्सल्य के पास सोनेला गाँव के अंडरपास से होकर डूंगरपुर-बिछीवाड़ा मार्ग पर आ-जा सकेंगे। वहीं, भारी व बड़े वाहनों को डूंगरपुर वाया थाना-रेलावाड़ा-मोडासा-अहमदाबाद की ओर से निकाला जाएगा। इसके अलावा डूंगरपुर वाया सीटैक्स-सीमलवाड़ा-मेघरज-अहमदाबाद मार्ग को भी वैकल्पिक रास्ते के रूप में इस्तेमाल किया जा सकेगा। रेलवे विभाग ने उपखंड अधिकारी को पत्र लिखकर फाटक बंद रहने के दौरान यातायात नियंत्रित करने हेतु समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है।