महिला सुरक्षा संकल्प अभियान : स्कूली बच्चों को दिए गए आत्मरक्षा व साइबर सुरक्षा के पाठ सतीरामपुर स्कूल में पुलिस विभाग का जागरूकता कार्यक्रम, 350 से अधिक छात्र-छात्राओं ने लिया भाग

संवाददाता - संतोष व्यास

डूंगरपुर। जिला पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार द्वारा चलाए जा रहे महिला सुरक्षा संकल्प अभियान के तहत शुक्रवार को सदर थाना क्षेत्र के सतीरामपुर स्थित शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में एक विशेष जागरूकता संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कक्षा 9 से 12 तक के लगभग 350 बालक-बालिकाओं को महिला सुरक्षा, पॉक्सो एक्ट और साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित हाडीरानी बटालियन अजमेर की कमांडेंट उषा यादव ने छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद किया। उन्होंने पॉक्सो एक्ट-2012, नई न्याय संहिता, महिला अपराध कानून, नशा मुक्ति अभियान, साइबर क्राइम से बचाव, गुड टच-बैड टच, आत्मरक्षा प्रशिक्षण, महिला सुरक्षा हेल्पलाइन सेवाओं, डिजिटल सुरक्षा तथा राजकॉप सिटीजन ऐप के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। इसके साथ ही उन्होंने वन स्टॉप सेंटर, महिला बीट अधिकारी योजना और कालिका गश्त यूनिट के कार्यों पर भी प्रकाश डाला। कार्यक्रम के दौरान आईपीएस उषा यादव ने जिला पुलिस डूंगरपुर द्वारा चलाए जा रहे महिला सुरक्षा संकल्प अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रमों की समीक्षा भी की।

इस अवसर पर सीआईडी क्राइम ब्रांच की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सीमा भारती, कोतवाली थानाधिकारी हिमांशु सिंह, सदर थानाधिकारी संगीता बंजारा, सीबीओ डूंगरपुर निशा परमार, विद्यालय के प्रधानाचार्य ओजस्वी परमार और बीट प्रभारी पोपटलाल लबाना सहित पुलिस व शिक्षा विभाग के अधिकारी एवं विद्यालय का स्टाफ उपस्थित रहा। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बाल-बालिकाओं एवं महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।