वरदा थाना पुलिस की त्वरित कार्रवाई : लिफ्ट देकर राहगीर से लूटपाट करने वाले 2 शातिर चोर गिरफ्तार

संवाददाता - संतोष व्यास

डूंगरपुर। जिला पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन शिकंजा के तहत वरदा थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने नेशनल हाईवे-927 ए पर एक राहगीर को लिफ्ट देकर उसका कीमती सामान से भरा बैग चुराकर फरार होने वाले दो शातिर आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से चोरी किया गया मोबाइल फोन, दस्तावेज, एटीएम, क्रेडिट कार्ड व लाइसेंस सहित संपूर्ण माल-मशरूका बरामद कर लिया है।

- झांसा देकर वारदात को दिया था अंजाम

पुलिस के अनुसार, पीड़ित पुष्पेन्द्र सिंह (25) निवासी अजमेर हाल परतापुर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 17 जुलाई की रात करीब 10 बजे वह सागवाड़ा से डूंगरपुर जाने के लिए बाइक सवार दो अज्ञात युवकों से लिफ्ट लेकर निकला था। वरदा के नाल फला के पास जब पीड़ित लघुशंका के लिए उतरा, तो दोनों आरोपित बाइक पर रखा उसका बैग लेकर फरार हो गए।

- तकनीकी साक्ष्य और मनोवैज्ञानिक पूछताछ से हुआ पर्दाफाश

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरदा थानाधिकारी देवेन्द्रसिंह राव के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने सीसीटीवी फुटेज और साइबर सेल की मदद से संदिग्ध लोकेश बुनकर और चेतन जोगी को हिरासत में लेकर मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ की, जिसमें दोनों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपितों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड प्राप्त किया है, जिनसे अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ जारी है।