छत्तीसगढ़ को मिलेगी रेल विकास की नई रफ्तार, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रमुख परियोजनाओं की समीक्षा

दिल्ली। छत्तीसगढ़ में रेल नेटवर्क के विस्तार और आधुनिक रेल अवसंरचना को नई गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने विष्णु देव साय तथा केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू के साथ बैठक कर राज्य की प्रमुख रेल विकास परियोजनाओं पर विस्तृत चर्चा की।

बैठक में छत्तीसगढ़ के दूरस्थ और आदिवासी क्षेत्रों तक बेहतर रेल संपर्क उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाने पर सहमति बनी। इनमें रावघाट?कोंडागांव?जगदलपुर रेल परियोजना को विशेष प्राथमिकता दी गई। रेल मंत्री ने बताया कि इस परियोजना की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं और अब इसके कार्य में तेजी लाकर पूरे बस्तर क्षेत्र को बेहतर रेल संपर्क उपलब्ध कराया जाएगा।

इसके अलावा गढ़चिरौली दंतेवाड़ा रेल लिंक परियोजना को भी तेजी से आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया, जिससे दोनों राज्यों के बीच संपर्क मजबूत होगा और क्षेत्र के आर्थिक एवं सामाजिक विकास को नई गति मिलेगी।

बैठक में डोंगरगढ़?कटघोरा नई रेल लाइन परियोजना की भी समीक्षा की गई। इस परियोजना को संयुक्त उपक्रम (जॉइंट वेंचर) मॉडल के तहत आगे बढ़ाया जाएगा, जिसमें केंद्र और राज्य सरकार अपनी-अपनी हिस्सेदारी सुनिश्चित करेंगी।

बैठक के दौरान रेल मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के "स्वर्णिम छत्तीसगढ़" के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि राज्य में आधुनिक रेल नेटवर्क का विस्तार, बेहतर कनेक्टिविटी और आधारभूत ढांचे का विकास सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से बस्तर सहित पूरे छत्तीसगढ़ में औद्योगिक विकास, व्यापार, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे तथा आम लोगों को सुरक्षित, तेज और सुविधाजनक रेल यात्रा का लाभ मिलेगा।