आधुनिक ट्रैक मशीनों से मजबूत हो रही रेल सुरक्षा: दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने पहली तिमाही में 2,042 किमी ट्रैक अनुरक्षण का बनाया रिकॉर्ड

बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे आधुनिक तकनीक के सहारे रेल सुरक्षा और परिचालन गुणवत्ता को नई ऊंचाइयों पर पहुंचा रहा है। लगभग 5,500 ट्रैक किलोमीटर के विशाल रेल नेटवर्क पर प्रतिदिन 400 से अधिक यात्री एवं मालगाड़ियों के सुरक्षित संचालन को सुनिश्चित करने के लिए रेलवे अत्याधुनिक ट्रैक मशीनों के माध्यम से रेल पथ का उच्च गुणवत्ता वाला अनुरक्षण कर रहा है।

रेलवे के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (अप्रैल से जून) में आधुनिक ट्रैक मशीनों की सहायता से 2,042 किलोमीटर प्लेन ट्रैक टैंपिंग, 907 टर्नआउट टैंपिंग, 102 किलोमीटर डीप स्क्रीनिंग (गिट्टी छनाई), 50 किलोमीटर ट्रैक रिन्यूअल तथा 58 टर्नआउट रिन्यूअल का कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया गया। यह उपलब्धि बेहतर योजना, उपलब्ध ब्लॉक समय के प्रभावी उपयोग और आधुनिक तकनीक के सफल प्रयोग का परिणाम है।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में वर्तमान समय में 92 अत्याधुनिक ट्रैक मशीनें कार्यरत हैं, जिनमें सीएसएम, ड्योमैटिक, एमपीटी, यूनिमेट, बीसीएम, एफआरएम, पीक्यूआरएस, टी-28, बीआरएम, डीजीएस और यूटीवी जैसी आधुनिक मशीनें शामिल हैं। इन मशीनों के संचालन और रखरखाव के लिए लगभग 900 प्रशिक्षित रेलकर्मी दिन-रात कार्य कर रहे हैं।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, आधुनिक ट्रैक मशीनों के उपयोग से ट्रैक अनुरक्षण कार्य पहले की तुलना में अधिक तेज, सटीक और सुरक्षित तरीके से पूरा हो रहा है। इससे न केवल ट्रैक की गुणवत्ता बेहतर हो रही है, बल्कि ट्रेनों के परिचालन पर भी न्यूनतम प्रभाव पड़ता है और रेलकर्मियों की सुरक्षा भी सुनिश्चित होती है।

विशेष रूप से नागपुर?झारसुगुड़ा मुख्य रेलखंड पर 130 किलोमीटर प्रति घंटे तक की गति से ट्रेनों के संचालन को ध्यान में रखते हुए उच्च गुणवत्ता वाले ट्रैक अनुरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। आधुनिक तकनीक के उपयोग से रेल पथ की मजबूती बढ़ने के साथ-साथ दुर्घटनाओं की संभावना भी कम हो रही है।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे का कहना है कि यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक और समयबद्ध यात्रा उपलब्ध कराना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। आधुनिक ट्रैक मशीनों और समर्पित रेलकर्मियों के संयुक्त प्रयासों से रेलवे लगातार सुरक्षित एवं विश्वसनीय रेल संचालन की दिशा में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है।