बारिश के बीच भी अटूट आस्था: मां वैष्णो देवी के दरबार में सुचारू रही यात्रा, श्रद्धालुओं ने सहजता से किए दर्शन

कटड़ा। त्रिकुटा पर्वत पर बदलते मौसम और रुक-रुक कर हो रही बारिश के बावजूद श्री माता वैष्णो देवी धाम में श्रद्धालुओं की आस्था पूरे उत्साह के साथ बनी रही। मंगलवार को पारंपरिक यात्रा मार्ग से श्रद्धालुओं की आवाजाही लगातार जारी रही और बड़ी संख्या में भक्तों ने मां वैष्णो देवी के पवित्र दरबार में पहुंचकर सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के कारण दिनभर हेलिकॉप्टर सेवा प्रभावित रही तथा सुरक्षा कारणों से बैटरी कार मार्ग बंद होने के चलते बैटरी कार सेवा का संचालन नहीं हो सका। इसके बावजूद यात्रा व्यवस्था पूरी तरह सुचारू रही। श्रद्धालुओं को घोड़ा, पिट्टू और पालकी जैसी पारंपरिक सेवाएं निरंतर उपलब्ध कराई गईं, जिससे यात्रा में किसी प्रकार की असुविधा नहीं हुई।

वर्तमान में श्रद्धालुओं की संख्या संतुलित होने के कारण यात्रा पंजीकरण और भवन पर दर्शन के लिए लंबी कतारों का सामना नहीं करना पड़ रहा है। श्रद्धालु बिना अधिक प्रतीक्षा के सहज और शांतिपूर्ण वातावरण में मां के दर्शन कर रहे हैं, जिससे उनकी यात्रा और भी सुखद बन रही है।

मंगलवार शाम पांच बजे तक करीब 12 हजार श्रद्धालुओं ने यात्रा पंजीकरण कर भवन की ओर प्रस्थान किया। स्थानीय व्यापारियों और प्रशासन को उम्मीद है कि मौसम सामान्य होते ही श्रद्धालुओं की संख्या में और वृद्धि होगी, जिससे यात्रा गतिविधियां और स्थानीय कारोबार दोनों को नई गति मिलेगी।

बारिश के बीच भी श्रद्धालुओं का उत्साह और मां वैष्णो देवी के प्रति अटूट विश्वास यह संदेश दे रहा है कि आस्था के मार्ग में मौसम कभी बाधा नहीं बनता।