रेल यात्रियों के लिए बड़ी सौगात: अब टिकट के साथ ही ऑनलाइन बुक होगा अतिरिक्त सामान, स्टेशन पर नहीं होगी भागदौड़

जम्मू। भारतीय रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को और बेहतर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। अब रेल यात्री 31 जुलाई 2026 से आईआरसीटीसी की वेबसाइट और मोबाइल ऐप के माध्यम से टिकट बुक करते समय ही अपना अतिरिक्त सामान भी ऑनलाइन बुक करा सकेंगे। इस नई डिजिटल सुविधा से यात्रियों को स्टेशन पर लगेज बुकिंग के लिए अलग से कतार में नहीं लगना पड़ेगा और पूरी प्रक्रिया पहले से अधिक आसान व सुविधाजनक हो जाएगी।

रेलवे बोर्ड की इस पहल का उद्देश्य यात्रियों को घर बैठे एकीकृत सेवा उपलब्ध कराना, स्टेशनों पर भीड़ कम करना और यात्रा को अधिक आरामदायक बनाना है। नई व्यवस्था के तहत यात्री टिकट के साथ ही अतिरिक्त सामान की बुकिंग कर सकेंगे, जिससे यात्रा से पहले सभी औपचारिकताएं पूरी हो जाएंगी।

रेलवे ने स्पष्ट किया है कि सभी श्रेणियों में मुफ्त सामान ले जाने की मौजूदा सीमा यथावत रहेगी। निर्धारित सीमा से अधिक सामान होने पर यात्री ऑनलाइन बुकिंग कर उसका वैध रूप से परिवहन करा सकेंगे। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सामान के आकार की सीमा भी तय की गई है, ताकि यात्रियों को सुरक्षित और व्यवस्थित यात्रा का अनुभव मिल सके।

ऑनलाइन लगेज बुकिंग की सुविधा ट्रेन का चार्ट बनने तक उपलब्ध रहेगी। वहीं बिना बुकिंग के निर्धारित सीमा से अधिक सामान ले जाने पर जुर्माने का प्रावधान भी किया गया है, जिससे व्यवस्था अधिक पारदर्शी और अनुशासित बनेगी।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, जम्मू उचित सिंघल ने कहा कि यह नई डिजिटल सुविधा यात्रियों का समय बचाएगी, बुकिंग प्रक्रिया को सरल बनाएगी और रेल यात्रा को पहले से अधिक सहज एवं सुविधाजनक बनाएगी। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से इस नई ऑनलाइन सेवा का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है।

यह पहल भारतीय रेलवे के डिजिटल परिवर्तन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है, जिससे यात्रियों को आधुनिक, तेज और परेशानी मुक्त यात्रा का अनुभव मिलेगा।