हाजीपुर गौ संरक्षण केंद्र बनेगा ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर, गोवर्धन योजना के तहत लगेगा बायोगैस प्लांट

मुरादाबाद। मुख्य विकास अधिकारी मृणाली अविनाश जोशी की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में विकासखंड बिलारी की ग्राम पंचायत हाजीपुर स्थित वृहत गौ संरक्षण केंद्र को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। गोवर्धन योजना के तहत यहां लगभग ₹25 लाख की लागत से बायोगैस आधारित ऊर्जा प्लांट स्थापित किया जाएगा।

बैठक में परियोजना से संबंधित दो कंपनियों के प्रतिनिधियों ने विस्तृत प्रस्तुतीकरण देते हुए प्लांट की तकनीकी विशेषताओं और उससे होने वाले लाभों की जानकारी दी। जिला पंचायत राज अधिकारी आलोक कुमार शर्मा ने बताया कि यह प्लांट लगभग 5 किलोवाट बिजली उत्पादन करने में सक्षम होगा। इससे गौ संरक्षण केंद्र की प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य ऊर्जा आवश्यकताओं की पूर्ति स्थानीय स्तर पर ही हो सकेगी। साथ ही गोबर का वैज्ञानिक प्रबंधन, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सतत ऊर्जा उत्पादन को भी बढ़ावा मिलेगा।

बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने सभी खंड विकास अधिकारियों को कांवड़ यात्रा को देखते हुए ग्राम पंचायतों से होकर गुजरने वाले कांवड़ मार्गों पर नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मियों की रोस्टर के अनुसार ड्यूटी लगाई जाए तथा मार्गों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और सामुदायिक शौचालय पूरी तरह क्रियाशील रखे जाएं।

इसी दिन मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में ग्राम पंचायतों एवं क्षेत्र पंचायतों के वर्ष 2018-19 से 2023-24 तक के लंबित ऑडिट प्रस्तरों की समीक्षा बैठक भी आयोजित की गई। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को लंबित ऑडिट मामलों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए और कहा कि शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

इसके अलावा जिला स्वच्छता समिति की बैठक में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत संचालित योजनाओं की समीक्षा करते हुए ओडीएफ प्लस, व्यक्तिगत एवं सामुदायिक शौचालय निर्माण, प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट, रिसोर्स रिकवरी सेंटर (आरआरसी), डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण और बायोगैस प्लांट की प्रगति की समीक्षा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सभी कार्यों में तेजी लाने, लंबित परियोजनाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा करने तथा स्वच्छता संबंधी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला विकास अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, अपर मुख्य अधिकारी (जिला पंचायत), विभिन्न विकासखंडों के खंड विकास अधिकारी, सहायक विकास अधिकारी (पंचायत), ग्राम प्रधान एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।