मुरादाबाद में अग्निशमन विभाग का सघन सुरक्षा अभियान, होटल-रेस्टोरेंट की जांच कर परखी अग्नि सुरक्षा व्यवस्था

मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश की अपर पुलिस महानिदेशक (अग्निशमन) पद्मजा चौहान के आदेश तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल के निर्देश पर मंगलवार को मुरादाबाद में अग्निशमन विभाग ने होटल एवं रेस्टोरेंट में व्यापक सुरक्षा जांच अभियान चलाया। अभियान का नेतृत्व मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय तथा अग्निशमन अधिकारी ज्ञान प्रकाश शर्मा ने किया।

अभियान के दौरान विभिन्न होटल एवं रेस्टोरेंट में स्थापित अग्निशमन उपकरणों, फायर अलार्म सिस्टम, अग्निशमन यंत्रों तथा आपातकालीन निकास मार्गों की गहन जांच की गई। अधिकारियों ने यह सुनिश्चित किया कि किसी भी आपात स्थिति में लोगों की सुरक्षित निकासी के लिए सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह सक्रिय और मानकों के अनुरूप हों।

जांच के दौरान संचालकों को अग्नि सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन करने, अग्निशमन उपकरणों का नियमित रखरखाव कराने और कर्मचारियों को आपदा की स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए प्रशिक्षित रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही सुरक्षा मानकों को और मजबूत बनाने के लिए आवश्यक सुझाव भी दिए गए।

सीएफओ डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय ने कहा कि अग्निशमन विभाग का उद्देश्य केवल निरीक्षण करना नहीं, बल्कि जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित करना और आग जैसी घटनाओं की रोकथाम के प्रति लोगों को जागरूक बनाना है। उन्होंने कहा कि मुरादाबाद में ऐसे सुरक्षा अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।