'स्वच्छता से स्वागत' अभियान के तहत इज्जतनगर मंडल में चला विशेष सफाई अभियान, यात्रियों को किया जागरूक

बरेली। रेलवे बोर्ड के निर्देशों के अनुपालन में पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल में मंगलवार को 'स्वच्छता से स्वागत' अभियान के तहत व्यापक स्वच्छता एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। मंडल रेल प्रबंधक सुश्री वीणा सिन्हा के मार्गदर्शन में चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य रेलवे स्टेशनों को स्वच्छ एवं यात्रियों के लिए अधिक सुविधाजनक बनाना है।

अभियान के दौरान काठगोदाम, लालकुआँ, रुद्रपुर सिटी, कासगंज, फर्रुखाबाद और कन्नौज सहित मंडल के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया, प्रतीक्षालय, शौचालय, रेलवे ट्रैक और अन्य यात्री सुविधाओं वाले क्षेत्रों की मशीनीकृत एवं गहन सफाई कराई गई।

इसके साथ ही यात्रियों को स्टेशन परिसर को स्वच्छ रखने और स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी के लिए जागरूक किया गया। अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप देने के लिए ईएनएचएम और ऑनबोर्ड फ्रंटलाइन स्टाफ ने 'स्वच्छता से स्वागत' संदेश अंकित बैज पहनकर जागरूकता रैलियां निकालीं और यात्रियों को स्वच्छता अपनाने का संदेश दिया।

रेल प्रशासन द्वारा अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार सोशल मीडिया के माध्यम से भी किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक लोग स्वच्छ रेलवे और स्वच्छ भारत के संकल्प से जुड़ सकें। रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि वे स्टेशन परिसर और ट्रेनों में स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें तथा रेलवे परिसर को साफ-सुथरा रखने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं।