चलती ट्रेन के फुटबोर्ड पर यात्रा न करें, जानलेवा हो सकती है लापरवाही: इज्जतनगर मंडल की अपील

बरेली। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल ने यात्रियों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए महत्वपूर्ण सलाह जारी करते हुए लोगों से चलती ट्रेन के फुटबोर्ड (पायदान) पर बैठकर या खड़े होकर यात्रा न करने की अपील की है। रेलवे ने कहा है कि थोड़ी-सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना और जान-माल के नुकसान का कारण बन सकती है।

रेल प्रशासन के अनुसार कुछ यात्री रोमांच या लापरवाही में ट्रेन के दरवाजे अथवा फुटबोर्ड पर सफर करते हैं। ऐसी स्थिति में अचानक झटका लगने, संतुलन बिगड़ने, बिजली के खंभों या पुलों से टकराने तथा ट्रेन से गिरने का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। इससे गंभीर चोट, स्थायी विकलांगता या जान जाने जैसी घटनाएं हो सकती हैं।

रेलवे ने स्पष्ट किया है कि रेलवे अधिनियम, 1989 की धारा 156 के तहत चलती ट्रेन के फुटबोर्ड पर यात्रा करना दंडनीय अपराध है। यात्रियों से अनुरोध किया गया है कि वे हमेशा कोच के अंदर सुरक्षित स्थान पर बैठकर या खड़े होकर ही यात्रा करें और अपने साथ-साथ परिवार व सहयात्रियों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें।

इज्जतनगर मंडल यात्रियों को जागरूक करने के लिए विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा जागरूकता अभियान चला रहा है। इसके अलावा सोशल मीडिया और अन्य संचार माध्यमों के जरिए भी नियमित रूप से रेल सुरक्षा संबंधी संदेश प्रसारित किए जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक लोग सुरक्षित यात्रा के प्रति जागरूक हो सकें।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील करते हुए कहा कि "सुरक्षित यात्रा ही सुखद यात्रा है। भारतीय रेलवे में आपकी सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।"