कासगंज-ऐशबाग दैनिक एक्सप्रेस का शुभारंभ, उझानी और पूरनपुर से उद्घाटन विशेष ट्रेन को दिखाई गई हरी झंडी

कासगंज-ऐशबाग दैनिक एक्सप्रेस का शुभारंभ, उझानी और पूरनपुर से उद्घाटन विशेष ट्रेन को दिखाई गई हरी झंडी

27 जुलाई से नियमित संचालन शुरू, एलएचबी रेक के साथ मिलेगी आधुनिक और आरामदायक यात्रा सुविधा

बरेली। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल ने यात्रियों को बड़ी सौगात देते हुए कासगंज-ऐशबाग-कासगंज दैनिक एक्सप्रेस (15312/15311) का शुभारंभ किया। उद्घाटन के अवसर पर उझानी रेलवे स्टेशन से केंद्रीय राज्य मंत्री बी. एल. वर्मा तथा पूरनपुर रेलवे स्टेशन से केंद्रीय राज्य मंत्री श्री जितिन प्रसाद ने उद्घाटन विशेष ट्रेन संख्या 05018 को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

उझानी में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए बी. एल. वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के नेतृत्व में रेलवे का तेजी से विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि इस नई ट्रेन से कासगंज, उझानी और बदायूं क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग पूरी हुई है तथा यात्रियों को बरेली, पीलीभीत, मैलानी, सीतापुर और लखनऊ तक सीधा, सुरक्षित और सुविधाजनक रेल संपर्क मिलेगा।

पूरनपुर स्टेशन पर केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने कहा कि इस रेल सेवा से पीलीभीत, पूरनपुर और मैलानी क्षेत्र के किसानों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और दैनिक यात्रियों को बड़ा लाभ मिलेगा। साथ ही पूरनपुर टाइगर रिजर्व आने वाले पर्यटकों की संख्या बढ़ने से स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा ने कहा कि नई ट्रेन के संचालन से व्यापार, शिक्षा, चिकित्सा और रोजगार के लिए यात्रा करने वाले लोगों को बेहतर सुविधा मिलेगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इज्जतनगर मंडल यात्रियों को सुरक्षित, आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण रेल सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा।

रेलवे प्रशासन के अनुसार, 27 जुलाई 2026 से ट्रेन संख्या 15312/15311 कासगंज-ऐशबाग-कासगंज दैनिक एक्सप्रेस का नियमित संचालन शुरू होगा। यह ट्रेन दोनों दिशाओं में एलएचबी रेक के साथ चलेगी, जिसमें कुल 16 कोच होंगे। ट्रेन कासगंज, उझानी, बदायूं, बरेली, इज्जतनगर, पीलीभीत, पूरनपुर, मैलानी, लखीमपुर, सीतापुर और मोहिबुल्लापुर होते हुए ऐशबाग तक संचालित होगी, जिससे बड़ी संख्या में यात्रियों को सीधी और बेहतर रेल सुविधा उपलब्ध होगी।