समयपालन में उत्तर पश्चिम रेलवे ने देशभर में हासिल किया पहला स्थान, 94.46% पंक्चुअलिटी के साथ बनाया नया रिकॉर्ड

जयपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे ने रेल परिचालन के क्षेत्र में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए वित्तीय वर्ष 2026-27 में अब तक मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों की समयपालनता (पंक्चुअलिटी) में पूरे भारतीय रेलवे में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। महाप्रबंधक पंकज शर्मा के कुशल नेतृत्व और प्रभावी कार्यप्रणाली के चलते उत्तर पश्चिम रेलवे ने 94.46 प्रतिशत समयपालनता दर्ज की है।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि चालू वित्तीय वर्ष में अब तक 94.46 प्रतिशत समयपालनता के साथ उत्तर पश्चिम रेलवे देशभर में पहले स्थान पर है। उल्लेखनीय है कि पिछले वित्तीय वर्ष की इसी अवधि में उत्तर पश्चिम रेलवे दूसरे स्थान पर था, जबकि इस वर्ष बेहतर प्रदर्शन के दम पर शीर्ष स्थान हासिल किया गया है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह सफलता परिचालन विभाग के साथ इंजीनियरिंग, विद्युत, सिग्नल एवं दूरसंचार, यांत्रिक, सुरक्षा, वाणिज्य तथा अन्य सभी विभागों के उत्कृष्ट समन्वय, प्रभावी योजना, आधुनिक तकनीकों के उपयोग और कर्मचारियों की निरंतर प्रतिबद्धता का परिणाम है। इन प्रयासों से ट्रेनों का संचालन अधिक सुरक्षित, सुचारु और समयबद्ध सुनिश्चित किया जा सका।

उत्तर पश्चिम रेलवे ने कहा है कि भविष्य में भी यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने, परिचालन क्षमता बढ़ाने और समयपालन के उच्चतम मानकों को बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास जारी रहेंगे।