जोधपुर में पहली एसएसबी तैयारी संस्था सेम डिफेंस अकादमी प्रारंभ

जोधपुर में पहली एसएसबी तैयारी संस्था सेम डिफेंस अकादमी प्रारंभ

जोधपुर | शहर के रातानाडा क्षेत्र में जोधपुर की पहली समर्पित सर्विस सलेक्शन बोर्ड (एसएसबी) तैयारी संस्था सेम डिफेंस अकादमी का शुभारंभ शनिवार को मेजर जनरल नरपत सिंह राजपुरोहित ने किया।

अकादमी के निदेशक शुभम सैन ने बताया कि विशिष्ट सेवा पदक से सम्मानित मेजर जनरल राजपुरोहित के मुख्य आतिथ्य में आयोजित समारोह की अध्यक्षता लेफ्टिनेंट कर्नल बलदेव सिंह चौधरी ने की।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मेजर जनरल राजपुरोहित ने कहा कि सही मार्गदर्शन, निरंतर अभ्यास और अनुशासन के माध्यम से युवा रक्षा सेवाओं में निश्चित रूप से सफलता प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने अभ्यर्थियों से लक्ष्य के प्रति पूर्ण समर्पण के साथ तैयारी करने का आह्वान किया।

संस्थान निदेशक ने बताया कि अकादमी का उद्देश्य केवल चयन तक सीमित नहीं है, बल्कि युवाओं में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, निर्णय लेने की योग्यता, अनुशासन और देशभक्ति जैसे अधिकारी-गुणों का समग्र विकास करना है।

समारोह में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, अभिभावक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। उद्घाटन कार्यक्रम ने जोधपुर के युवाओं के लिए एसएसबी तैयारी के क्षेत्र में एक नई और सशक्त पहल का संकेत दिया। कार्यक्रम के प्रारंभ में दोनों अधिकारियों ने दीप प्रज्वलन कर अकादमी का विधिवत उद्घाटन किया।