समयपालन में अजमेर मंडल ने रचा नया कीर्तिमान, उत्तर पश्चिम रेलवे में मेल/एक्सप्रेस और पैसेंजर दोनों श्रेणियों में रहा नंबर-1

अजमेर। उत्तर पश्चिम रेलवे के अजमेर मंडल ने ट्रेनों की समयपालन (पंक्चुअलिटी) के क्षेत्र में शानदार प्रदर्शन करते हुए एक बार फिर अपनी परिचालन दक्षता का परिचय दिया है। हाल ही में जारी आंकड़ों के अनुसार अजमेर मंडल ने मेल/एक्सप्रेस और पैसेंजर दोनों श्रेणियों में उत्तर पश्चिम रेलवे के सभी मंडलों में प्रथम स्थान हासिल किया है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक मिहिर देव ने बताया कि वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक श्रीमती भारती भारद्वाज के निर्देशन तथा विभिन्न विभागों के बेहतर समन्वय के चलते यह उपलब्धि हासिल हुई है। 20 से 26 जुलाई 2026 के साप्ताहिक आंकड़ों के अनुसार मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों की समयपालन दर 97.45 प्रतिशत रही, जो उत्तर पश्चिम रेलवे में सबसे अधिक है। इस अवधि में उत्तर पश्चिम रेलवे का औसत 94.05 प्रतिशत रहा, जबकि बीकानेर मंडल 95.63 प्रतिशत, जयपुर 93.31 प्रतिशत और जोधपुर 92.60 प्रतिशत समयपालन दर्ज कर सके।

संचयी आंकड़ों (1 अप्रैल से 26 जुलाई 2026) में भी अजमेर मंडल 97.92 प्रतिशत समयपालन के साथ लगातार शीर्ष स्थान पर बना हुआ है।

पैसेंजर ट्रेनों के संचालन में भी अजमेर मंडल ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 20 से 26 जुलाई के दौरान 98.22 प्रतिशत समयपालन दर्ज किया। वहीं 1 अप्रैल से 26 जुलाई तक की संचयी समयपालन 98.29 प्रतिशत रही, जो पिछले वर्ष की 96.96 प्रतिशत की तुलना में उल्लेखनीय सुधार को दर्शाती है।

मंडल रेल प्रबंधक राजू भूतड़ा ने इस उपलब्धि पर परिचालन, संरक्षा, संकेत एवं दूरसंचार, यांत्रिक तथा विद्युत विभाग के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई देते हुए उनके समर्पण और टीमवर्क की सराहना की। उन्होंने कहा कि यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और समयबद्ध रेल सेवा उपलब्ध कराना मंडल की सर्वोच्च प्राथमिकता है और आगे भी इस प्रदर्शन को बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।