उत्तर मध्य रेलवे का मेगा वृक्षारोपण अभियान: एक दिन में लगाए गए 4.62 लाख से अधिक पौधे

प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे ने पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए तीनों मंडलों?आगरा, झांसी और प्रयागराज?में "जो वृक्ष लगाता है, वह आशा का बीजारोपण करता है" थीम पर वृहद मेगा स्पेशल वृक्षारोपण अभियान चलाया। महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह के निर्देशन में आयोजित इस अभियान के दौरान एक ही दिन में 4.62 लाख से अधिक पौधे लगाए गए।

आगरा मंडल में लगभग 100 स्थानों पर 1 लाख पौधों का रोपण किया गया। मथुरा-अलवर-पलवल, धौलपुर, आगरा लाइन, आगरा शहर और ईदगाह क्षेत्र सहित कई रेलवे परिसरों में छायादार, फलदार और फूलों वाले पौधे लगाए गए।

झांसी मंडल ने अभियान में सबसे अधिक उत्साह दिखाते हुए करीब 2 लाख पौधे रोपे। झांसी, ग्वालियर, महोबा, बांदा, कानपुर और ललितपुर क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर पौधारोपण किया गया।

वहीं, प्रयागराज मंडल ने मुख्यालय द्वारा निर्धारित 1.50 लाख पौधों के लक्ष्य को पार करते हुए एक ही दिन में 1.62 लाख पौधे लगाए। इसके साथ ही मंडल में अब तक लगाए गए पौधों की कुल संख्या 6.56 लाख तक पहुंच गई है।

इस अभियान में रेलवे अधिकारियों, कर्मचारियों, विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों और स्काउट एवं गाइड के स्वयंसेवकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि अभियान का उद्देश्य जैव विविधता को बढ़ावा देना, पर्यावरण संरक्षण को मजबूत करना और जलवायु परिवर्तन के प्रभावों को कम करना है। साथ ही लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का भी संकल्प लिया गया, ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, हरित और स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित किया जा सके।