प्रयागराज छिवकी स्टेशन पर मोबाइल एवं एक्सेसरीज़ कियोस्क शुरू, यात्रियों को मिलेगी एक ही जगह जरूरी सुविधाएं

प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल ने यात्रियों की सुविधा बढ़ाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए प्रयागराज छिवकी रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर मोबाइल एवं एक्सेसरीज़ कियोस्क का शुभारंभ किया है। मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल के नेतृत्व और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हरी मोहन के निर्देशन में शुरू की गई यह सुविधा यात्रियों को यात्रा के दौरान आवश्यक मोबाइल सामान आसानी से उपलब्ध कराएगी।

रेलवे प्रशासन के अनुसार, यह कियोस्क भारतीय रेलवे की गैर-किराया आय (नॉन-फेयर रेवेन्यू) बढ़ाने के साथ-साथ यात्रियों को स्टेशन परिसर में ही दैनिक उपयोग की आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ई-नीलामी प्रक्रिया के माध्यम से पारदर्शी तरीके से आवंटित किया गया है। यह कियोस्क पांच वर्षों के लिए स्थापित किया गया है।

कियोस्क पर मोबाइल फोन, चार्जर, हेडफोन, ईयरबड्स, ब्लूटूथ स्पीकर, पावर बैंक, स्क्रीन प्रोटेक्टर, मोबाइल कवर, मेमोरी कार्ड और फोन स्टैंड सहित विभिन्न मोबाइल एक्सेसरीज़ उपलब्ध होंगी। इसके अलावा सिम कार्ड, मोबाइल रिचार्ज, मनी ट्रांसफर, बच्चों के खिलौने, टेडी बियर, उपहार सामग्री, फूल तथा सजावटी पौधों सहित अन्य उपयोगी वस्तुओं की भी बिक्री की जाएगी।

रेलवे का कहना है कि यात्रा के दौरान मोबाइल संबंधी किसी भी आवश्यक वस्तु की जरूरत पड़ने पर अब यात्रियों को स्टेशन से बाहर जाने की आवश्यकता नहीं होगी। इससे यात्रियों को त्वरित और बेहतर सुविधा मिलने के साथ-साथ रेलवे की गैर-किराया आय में भी बढ़ोतरी होगी।

प्रयागराज मंडल ने कहा है कि भविष्य में भी यात्रियों को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा स्टेशन परिसरों में यात्री-केंद्रित सेवाओं का विस्तार करने के लिए ऐसे प्रयास लगातार जारी रहेंगे।