उत्तर मध्य रेलवे में ग्रुप 'डी' भर्ती की शारीरिक परीक्षा पारदर्शी तरीके से जारी, तीसरे दिन 500 अभ्यर्थी सफल

प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे के रेलवे भर्ती प्रकोष्ठ (आरआरसी) द्वारा ग्रुप 'डी' के विभिन्न पदों के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा (पीईटी) डीएसए ग्राउंड, प्रयागराज में पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से आयोजित की जा रही है। भर्ती प्रक्रिया के तहत 25 से 28 जुलाई तक कुल 3,736 अभ्यर्थियों को परीक्षा के लिए बुलाया गया है।

सोमवार को आयोजित परीक्षा में 1,261 बुलाए गए अभ्यर्थियों में से 872 उपस्थित हुए, जिनमें 500 अभ्यर्थी शारीरिक दक्षता परीक्षा में सफल घोषित किए गए। रेलवे प्रशासन के अनुसार अब तक आयोजित परीक्षाओं में 1,373 अभ्यर्थी सफल हो चुके हैं।

भर्ती प्रक्रिया के दौरान पुरुष अभ्यर्थियों को 1,000 मीटर की दौड़ 4 मिनट 15 सेकंड में पूरी करने और 35 किलोग्राम वजन उठाकर 100 मीटर की दूरी तय करने की परीक्षा देनी होती है। वहीं महिला अभ्यर्थियों को 1,000 मीटर की दौड़ 5 मिनट 40 सेकंड में पूरी करने के साथ 20 किलोग्राम वजन उठाकर 100 मीटर की दूरी तय करनी होती है।

परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए अभ्यर्थियों को सुबह 6, 7 और 8 बजे तीन बैचों में बुलाया जा रहा है। बायोमेट्रिक सत्यापन, आधार प्रमाणीकरण और आरएफआईडी पंजीकरण के बाद ही अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल किया जा रहा है, जिससे पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष बनी रहे।

रेलवे प्रशासन ने परीक्षार्थियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए एम्बुलेंस, चिकित्सा टीम, आरपीएफ, स्काउट्स एवं सेंट जॉन एम्बुलेंस ब्रिगेड की तैनाती की है। आरआरसी चेयरमैन और वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी स्वयं मौके पर मौजूद रहकर पूरी भर्ती प्रक्रिया की निगरानी कर रहे हैं।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार अभ्यर्थी परीक्षा स्थल पर उपलब्ध कराई गई व्यवस्थाओं और सुविधाओं की सराहना कर रहे हैं, जिससे भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी, व्यवस्थित और सफलतापूर्वक आगे बढ़ रही है।