कासगंज–ऐशबाग एक्सप्रेस का 26 जुलाई को होगा शुभारंभ, क्षेत्र को मिलेगी नई रेल सेवा की सौगात

बरेली। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल यात्रियों को एक और बड़ी सुविधा देने जा रहा है। 26 जुलाई 2026 को 15312/15311 कासगंज ऐशबाग कासगंज एक्सप्रेस का शुभारंभ किया जाएगा। उद्घाटन विशेष ट्रेन संख्या 05018 को उझानी रेलवे स्टेशन से केंद्रीय राज्य मंत्री बी. एल. वर्मा एवं पूरनपुर रेलवे स्टेशन पर केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।

उद्घाटन समारोह में सांसद, विधायक, विधान परिषद सदस्य, इज्जतनगर मंडल की मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा, अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज कुमार, रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहेंगे।

उद्घाटन विशेष ट्रेन उझानी से दोपहर 12:00 बजे रवाना होकर बदायूं, बरेली, इज्जतनगर, पीलीभीत, पूरनपुर, मैलानी, गोला गोकरननाथ, लखीमपुर, सीतापुर, सिधौली और मोहिबुल्लापुर होते हुए रात 9:10 बजे ऐशबाग जंक्शन पहुंचेगी।

यह ट्रेन 16 एलएचबी कोचों के साथ संचालित होगी, जिनमें पावर कार, एसएलआर, सामान्य द्वितीय श्रेणी, नॉन-एसी चेयर कार और वातानुकूलित चेयर कार शामिल हैं।

रेलवे के अनुसार, इस नई रेल सेवा के शुरू होने से छात्रों, किसानों, व्यापारियों, नौकरीपेशा यात्रियों, श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सुरक्षित, तेज और आरामदायक यात्रा की सुविधा मिलेगी। साथ ही बरेली, बदायूं, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, सीतापुर और लखनऊ के बीच संपर्क बेहतर होने से क्षेत्रीय व्यापार, शिक्षा, पर्यटन और सामाजिक-आर्थिक विकास को भी नई गति मिलेगी।