इज्जतनगर मंडल में मार्च माह में सेवानिवृत्त हुए आठ रेलकर्मियों को दी गई विदाई, समापक राशि व दस्तावेज सौंपे गए

बरेली। इज्जतनगर मंडल पर मार्च 2026 में सेवानिवृत्त हुए आठ रेल कर्मचारियों को मंडल रेल प्रबंधक सभा कक्ष में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. यू.एस. नाग ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को समापक राशि भुगतान परिपत्र, मेडिकल कार्ड सहित सेवानिवृत्ति से संबंधित अन्य आवश्यक दस्तावेज प्रदान किए तथा उनके दीर्घायु, सुख-शांति एवं समृद्ध जीवन की कामना की।

कार्यक्रम में मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद भी वे रेल परिवार के अभिन्न अंग बने रहेंगे। उन्होंने कर्मचारियों को सलाह दी कि वे जीवन भर की कमाई गई पूंजी का निवेश सोच-समझकर करें। साथ ही कहा कि उनकी कार्यशैली और सेवा भावना आने वाले रेलकर्मियों के लिए प्रेरणा का स्रोत रहेगी।

इस मौके पर उपस्थित शाखा अधिकारियों, यूनियन एवं एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने भी सेवानिवृत्त कर्मचारियों को भविष्य में हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। साथ ही साइबर अपराधों को लेकर सतर्क रहने की अपील की गई। अधिकारियों ने कहा कि बैंक खाते का ओटीपी किसी के साथ साझा न करें और अपनी पूंजी व स्वास्थ्य के प्रति हमेशा सजग रहें।

वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी संदीप सिंह ने बताया कि इस माह सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों में झांझन लाल (ट्रैक मेंटेनर-1, बीसलपुर), दिनेश चंद (सीसीएस, कासगंज), संतराम (कांटावाला, पटियाली), महेश (कांटावाला, एसएचआई), अंजुमन नूर सिद्दीकी (स्टेशन अधीक्षक, बरेली सिटी), सर्वेश (एचकेए, पीलीभीत), मधेश चंद्र सिन्हा (सीनियर सेक्शन इंजीनियर, लोको शेड) तथा अंजू (मुख्य कार्यालय अधीक्षक, सवारी एवं माल डिब्बा, कासगंज) शामिल हैं।

रेल प्रशासन द्वारा एक नई पहल के तहत सेवानिवृत्ति के कारण उत्पन्न रिक्तियों पर उसी तिथि को प्रस्तावित कर्मचारियों को पदोन्नति भी दी जा रही है। इस माह भी कुछ कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ प्रदान किया गया। इनमें राजेश सिंह (सीसीएस, पीलीभीत), अनिकेत (गेटमैन, सेहरामऊ), आलोक कुमार सिंह (गेटमैन, बर्राजपुर) तथा कृष्ण गोपाल (मुख्य कार्यालय अधीक्षक, सवारी एवं माल डिब्बा, कासगंज) शामिल हैं।

कार्यक्रम में वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक डॉ. रत्नेश कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक संजीव शर्मा, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (टीआरएस) योगेश कुमार, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (सवारी एवं माल डिब्बा) शुभम कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक अरिजित सिंह, मंडल कार्मिक अधिकारी आनंद कुमार, सहायक कार्मिक अधिकारी शिशु ओम दीक्षित सहित सभी शाखा अधिकारी, मान्यता प्राप्त यूनियन एवं एसोसिएशन के पदाधिकारी, कर्मचारी तथा उनके परिजन उपस्थित रहे।