कांवड़ मेले पर श्रद्धालुओं को बड़ी राहत, चार ट्रेनों का रायवाला, मोतीचूर और ज्वालापुर में होगा अस्थायी ठहराव

कांवड़ मेले के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए चार रेलसेवाओं को रायवाला, मोतीचूर और ज्वालापुर स्टेशनों पर अस्थायी ठहराव देने का निर्णय लिया है। यह व्यवस्था 30 जुलाई से 13 अगस्त 2026 तक लागू रहेगी।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि प्रत्येक स्टेशन पर इन ट्रेनों का दो मिनट का अस्थायी ठहराव रहेगा, जिससे कांवड़ यात्रियों और स्थानीय यात्रियों को यात्रा में बड़ी सुविधा मिलेगी।

रेलवे के अनुसार, गाड़ी संख्या 19565 ओखा?देहरादून साप्ताहिक एक्सप्रेस, 14815 श्रीगंगानगर?ऋषिकेश प्रतिदिन एक्सप्रेस, 19566 देहरादून?ओखा साप्ताहिक एक्सप्रेस तथा 14816 ऋषिकेश?श्रीगंगानगर प्रतिदिन एक्सप्रेस निर्धारित अवधि के दौरान रायवाला, मोतीचूर और ज्वालापुर स्टेशनों पर दो-दो मिनट के लिए रुकेंगी।

रेलवे का कहना है कि कांवड़ मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षित यात्रा और बेहतर यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है। इससे हरिद्वार और ऋषिकेश क्षेत्र में आने-जाने वाले हजारों श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान विशेष सुविधा मिलेगी।