एलएचबी रैक से चलेंगी तीन जोड़ी रेलसेवाएं, यात्रियों को मिलेगा अधिक सुरक्षित और आरामदायक सफर

रेल यात्रियों की सुविधा और यात्रा अनुभव को बेहतर बनाने के लिए रेलवे ने तीन जोड़ी रेलसेवाओं को एलएचबी (लिंक हॉफमैन बुश) रैक से संचालित करने का निर्णय लिया है। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि इन ट्रेनों में आधुनिक एलएचबी कोच लगाए जाएंगे, जिससे यात्रियों को अधिक सुरक्षित, आरामदायक और बेहतर यात्रा सुविधा मिलेगी।

नई व्यवस्था के तहत गाड़ी संख्या 15303/15304 कासगंज?नई दिल्ली?कासगंज 22 अगस्त 2026 से कासगंज और 23 अगस्त 2026 से नई दिल्ली से एलएचबी रैक के साथ चलेगी।

इसी प्रकार 15305/15306 नई दिल्ली?रोहतक?नई दिल्ली रेलसेवा 22 अगस्त 2026 से दोनों दिशाओं में एलएचबी रैक से संचालित होगी।

वहीं 15307/15308 तिलक ब्रिज?सिरसा?तिलक ब्रिज रेलसेवा 22 अगस्त 2026 से तिलक ब्रिज तथा 23 अगस्त 2026 से सिरसा से एलएचबी रैक के साथ चलेगी।

रेलवे के अनुसार, इन तीनों जोड़ी ट्रेनों में कुल 16 कोच होंगे, जिनमें 1 वातानुकूलित कुर्सीयान (एसी चेयर कार), 9 द्वितीय श्रेणी कुर्सीयान, 4 साधारण श्रेणी, 1 पावर कार तथा 1 गार्ड डिब्बा शामिल रहेगा। रेलवे का मानना है कि एलएचबी कोचों के संचालन से यात्रियों को अधिक सुरक्षित, आरामदायक और आधुनिक यात्रा का अनुभव मिलेगा।