टीटीई की ईमानदारी से यात्री को मिला खोया बटुआ, समय रहते लौटाया सामान

जोधपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में टीटीई की सतर्कता और ईमानदारी का सराहनीय उदाहरण सामने आया है। ट्रेन में छूटा एक यात्री का बटुआ टीटीई की तत्परता से सुरक्षित बरामद कर उसके वास्तविक मालिक को लौटा दिया गया, जिससे यात्री को बड़ी राहत मिली।

जानकारी के अनुसार, अभिषेक 21 जुलाई को ट्रेन संख्या 20488 मथुरा?बाड़मेर सुपरफास्ट एक्सप्रेस के एस-4 कोच में यात्रा कर रहे थे। जोधपुर स्टेशन पर उतरते समय वे अपना बटुआ सीट पर ही भूल गए। कुछ देर बाद बटुआ गायब होने का एहसास होने पर उन्होंने जोधपुर स्टेशन स्थित टीटीई लॉबी पहुंचकर मुख्य टिकट निरीक्षक दीपक बुंदेल से संपर्क किया।

सूचना मिलते ही टीटीई मनोज पूनिया ने संबंधित कोच और सीट की तत्काल जांच की। खोजबीन के दौरान बटुआ सुरक्षित अवस्था में मिल गया। बटुए में 1,100 रुपये नकद, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, ईयरबड्स तथा अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज सुरक्षित रखे हुए थे।

दस्तावेजों का सत्यापन करने के बाद बटुआ उसके वास्तविक मालिक को सौंप दिया गया। अपना खोया हुआ सामान सुरक्षित वापस मिलने पर यात्री ने टीटीई मनोज पूनिया की ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए भारतीय रेलवे का आभार व्यक्त किया।

यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि भारतीय रेलवे के कर्मचारी यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के प्रति पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं।