कांवड़ मार्ग पर सुरक्षा का मजबूत कवच, पूरी रात मुस्तैद रहा मुरादाबाद अग्निशमन विभाग

आस्था की राह पर सुरक्षा का पहरा, आधी रात तक सड़कों पर मुस्तैद रहा अग्निशमन विभाग

डीएम डॉ. राजेंद्र पसिया और एसएसपी सतपाल अंतिल के निर्देश पर सीएफओ डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय ने कांवड़ मार्गों का किया निरीक्षण

मुरादाबाद। सावन के दूसरे सोमवार एवं महाशिवरात्रि के दृष्टिगत कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मुरादाबाद अग्निशमन विभाग पूरी तरह अलर्ट रहा। देर रात जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पसिया एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल के निर्देश पर मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय एवं अग्निशमन अधिकारी ज्ञान प्रकाश शर्मा ने शहर एवं कांवड़ मार्गों पर तैनात अग्निशमन अधिकारियों-कर्मचारियों की ड्यूटी का स्थलीय निरीक्षण किया।

सीएफओ डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय एवं अग्निशमन अधिकारी ज्ञान प्रकाश शर्मा ने पूरी रात सड़क पर भ्रमण करते हुए विभिन्न कांवड़ मार्गों और महत्वपूर्ण स्थानों पर तैनात फायर सर्विस की ड्यूटी को चेक किया। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों को पूरी सतर्कता और मुस्तैदी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के निर्देश दिए गए।

अधिकारियों ने मौके पर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए यह सुनिश्चित किया कि किसी भी आपात स्थिति में अग्निशमन टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित कर सके।

कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के सुरक्षित आवागमन और शांतिपूर्ण माहौल को बनाए रखने के लिए अग्निशमन विभाग की टीमें लगातार अपने-अपने क्षेत्रों में निगरानी कर रही हैं। अधिकारियों की रात्रिकालीन सक्रियता से फायर सर्विस के जवानों का मनोबल भी बढ़ा और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूती मिली।

मुरादाबाद में आस्था के इस पर्व पर प्रशासन और पुलिस के साथ अग्निशमन विभाग भी पूरी जिम्मेदारी के साथ श्रद्धालुओं की सेवा और सुरक्षा में 24 घंटे तत्पर है।