रात में कांवड़ ड्यूटी का जायजा लेने पहुंचे सीएफओ, सुरक्षा व्यवस्था परखी

मुरादाबाद। कांवड़ यात्रा को लेकर मुरादाबाद अग्निशमन विभाग पूरी तरह सतर्क है। शनिवार देर रात मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय और अग्निशमन अधिकारी ज्ञान प्रकाश शर्मा ने कांवड़ ड्यूटी पर तैनात अग्निशमन कर्मियों और व्यवस्थाओं का मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया।

अधिकारियों ने कांवड़ मार्ग पर तैनात दमकल कर्मियों की ड्यूटी की स्थिति का जायजा लिया और सुरक्षा इंतजामों को परखा। इस दौरान उन्होंने ड्यूटी में तैनात कर्मचारियों को पूरी सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।

सीएफओ डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अग्निशमन विभाग की टीमें पूरी तरह तैयार रहें और कांवड़ मार्ग, शिविरों, पंडालों तथा अन्य संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी बनाए रखें।

अग्निशमन अधिकारी ज्ञान प्रकाश शर्मा ने भी ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों से जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों ने यह भी सुनिश्चित किया कि किसी भी आकस्मिक स्थिति में दमकल वाहन और फायर कर्मी तत्काल मौके पर पहुंच सकें।

कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए अग्निशमन विभाग की टीमें दिन-रात मुस्तैदी से ड्यूटी निभा रही हैं।