भारी बारिश का असर: पठानकोट–जोगिंदर नगर नैरो गेज रेल सेवाएं तीन दिन के लिए निलंबित, यात्रियों की सुरक्षा को दी गई सर्वोच्च प्राथमिकता

जम्मू। लगातार हो रही भारी बारिश के मद्देनज़र उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पठानकोट जोगिंदर नगर नैरो गेज रेलखंड पर संचालित सभी नैरो गेज ट्रेन सेवाओं को 21 जुलाई से 23 जुलाई 2026 तक अस्थायी रूप से निलंबित करने का निर्णय लिया है।

रेलवे प्रशासन के अनुसार, भारी वर्षा के कारण रेलखंड पर सुरक्षा संबंधी जोखिम को देखते हुए यह एहतियाती कदम उठाया गया है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके और यात्रियों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित हो।

रेलवे ने बताया कि 21 जुलाई को ट्रेन संख्या 52465 का संचालन केवल कांगड़ा रेलवे स्टेशन तक किया गया, जबकि ट्रेन संख्या 52467 को पठानकोट से ज्वालामुखी रोड तक ही चलाया गया।

इसके अलावा ट्रेन संख्या 52464, 52469, 52470, 52472, 52474, 52461, 52466, 52475 और 52476 को सुरक्षा कारणों से रद्द कर दिया गया है।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की अद्यतन जानकारी रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, एनटीईएस (NTES) ऐप अथवा रेलवे हेल्पलाइन 139 से अवश्य प्राप्त करें।

उत्तर रेलवे ने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद व्यक्त करते हुए कहा है कि यह निर्णय पूरी तरह यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर लिया गया है। मौसम सामान्य होने और ट्रैक की सुरक्षा सुनिश्चित होने के बाद ही नैरो गेज रेल सेवाओं का संचालन पुनः शुरू किया जाएगा।