सीनियर डीसीएम उचित सिंघल: यात्रियों की सुविधा सर्वोपरि, छपरा–पठानकोट स्पेशल ट्रेन के फेरे बढ़ाए गए

यात्रियों को बड़ी राहत: छपरा पठानकोट साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन के 11 अतिरिक्त फेरे, त्योहारी सीजन में सफर होगा आसान

जम्मू। ग्रीष्मकालीन और आगामी त्योहारों के मौसम में यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए उत्तर रेलवे ने बड़ा राहतभरा फैसला लिया है। यात्रियों की सुविधा और बेहतर कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने के लिए छपरा पठानकोट छपरा साप्ताहिक विशेष ट्रेन के संचालन अवधि का विस्तार कर दिया गया है। इससे बिहार, उत्तर प्रदेश और पंजाब के बीच यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों को अतिरिक्त सीटें और सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिलेगा।

रेलवे के अनुसार ट्रेन संख्या 05193 छपरा पठानकोट साप्ताहिक स्पेशल का संचालन अब 20 जुलाई से 28 सितंबर 2026 तक प्रत्येक सोमवार को होगा। इस अवधि में ट्रेन 11 अतिरिक्त फेरे लगाएगी। वहीं ट्रेन संख्या 05194 पठानकोट छपरा साप्ताहिक स्पेशल का संचालन 22 जुलाई से 30 सितंबर 2026 तक प्रत्येक बुधवार को किया जाएगा और यह भी 11 फेरे संचालित करेगी।

जम्मू मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने बताया कि यात्रियों की लगातार बढ़ रही मांग को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है, ताकि त्योहारी सीजन में लोगों को अधिक यात्रा विकल्प मिल सकें और वे बिना किसी परेशानी के अपने गंतव्य तक पहुंच सकें।

उत्तर रेलवे ने यात्रियों से यात्रा से पहले ट्रेन की समय-सारणी और सीटों की उपलब्धता आईआरसीटीसी, मोबाइल ऐप या निकटतम आरक्षण केंद्र से जांचने की अपील की है। रेलवे का यह कदम त्योहारी सीजन में यात्रियों को सुगम, आरामदायक और सुविधाजनक रेल यात्रा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।