सांसदों की बैठक के सफल आयोजन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले रेल अधिकारी-कर्मचारी सम्मानित

प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल में 10 जुलाई को आयोजित सांसदों एवं रेलवे प्रशासन की महत्वपूर्ण बैठक के सफल आयोजन में उल्लेखनीय योगदान देने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को सोमवार को वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हरि मोहन ने प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया। इसी अवसर पर सहायक वाणिज्य प्रबंधक के स्वागत एवं विदाई समारोह का भी आयोजन किया गया।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हरि मोहन ने कहा कि किसी भी बड़े कार्यक्रम की सफलता टीम भावना, समर्पण और सामूहिक प्रयासों पर निर्भर करती है। उन्होंने सांसदों की बैठक के दौरान स्वागत, प्रोटोकॉल, बैठक व्यवस्था, आतिथ्य सहित सभी व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना की।

कार्यक्रम में सहायक वाणिज्य प्रबंधक पंकज कुमार त्रिपाठी को मंडल वाणिज्य प्रबंधक पद पर पदोन्नति मिलने पर सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। अब वह झांसी मंडल में मंडल वाणिज्य प्रबंधक के रूप में अपनी नई जिम्मेदारी संभालेंगे। उनके योगदान की सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

वहीं, शशि रंजन कुमार ने सहायक वाणिज्य प्रबंधक का कार्यभार ग्रहण किया। इस अवसर पर उनका स्वागत किया गया और नई जिम्मेदारियों के सफल निर्वहन के लिए शुभकामनाएं दी गईं।

समारोह के दौरान सांसदों की बैठक को सफल बनाने में योगदान देने वाले कई अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का समापन सौहार्दपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में हुआ, जहां अधिकारियों ने सभी कर्मचारियों को भविष्य में भी समर्पण, अनुशासन और उत्कृष्ट कार्य संस्कृति के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।