42 साल का सफर पूरा: प्रयागराज एक्सप्रेस का जंक्शन पर धूमधाम से मनाया गया स्थापना दिवस

प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे की प्रतिष्ठित और लोकप्रिय ट्रेन 12417/12418 प्रयागराज एक्सप्रेस ने अपनी गौरवशाली सेवा के 42 वर्ष पूरे कर लिए हैं। इस अवसर पर 16 जुलाई 2026 को प्रयागराज जंक्शन पर सादगी और उत्साह के साथ स्थापना दिवस समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में रेलवे कर्मचारियों, रेल प्रेमियों और यात्रियों ने भाग लेकर इस ऐतिहासिक उपलब्धि का उत्सव मनाया।

प्रयागराज एक्सप्रेस का शुभारंभ 16 जुलाई 1984 को तत्कालीन केंद्रीय मंत्री श्रीमती राजेंद्र कुमारी बाजपेयी ने प्रयागराज से नई दिल्ली के लिए हरी झंडी दिखाकर किया था। तब से यह ट्रेन लगातार प्रयागराज और नई दिल्ली के बीच लाखों यात्रियों को सुरक्षित, विश्वसनीय और समयनिष्ठ यात्रा सुविधा उपलब्ध करा रही है।

समारोह के दौरान ट्रेन के लोको पायलट और सहायक लोको पायलट ने केक काटकर स्थापना दिवस मनाया और ट्रेन को उसके निर्धारित गंतव्य के लिए रवाना किया। इस अवसर पर प्रयागराज एक्सप्रेस फैन क्लब के सदस्य, रेल प्रेमी और रेलवे कर्मचारी भी मौजूद रहे। फैन क्लब के सदस्यों ने यात्रियों को चॉकलेट वितरित कर शुभकामनाएं दीं तथा ट्रेन के गौरवशाली इतिहास से जुड़ी यादें साझा कीं।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, प्रयागराज एक्सप्रेस अपनी उत्कृष्ट समयपालन, सुरक्षित परिचालन और उच्च स्तरीय यात्री सुविधाओं के कारण उत्तर मध्य रेलवे की पहचान बन चुकी है। रेल प्रेमियों ने इसे केवल एक ट्रेन नहीं, बल्कि संगम नगरी प्रयागराज और देश की राजधानी नई दिल्ली के बीच भावनात्मक एवं सांस्कृतिक जुड़ाव का सशक्त प्रतीक बताया।